महंगाई के दौर में 10 रुपये में भरपेट भोजन, साढ़े तीन साल से जरूरतमंदों का सहारा बना श्री वृंदावन भोजनालय
**डीएम चैरिटेबल ट्रस्ट की अनुकरणीय पहल, रोजाना 700 से 800 लोगों को मिल रहा भोजन, जरूरतमंदों के स्वाभिमान का भी रखा जा रहा पूरा ख्याल**


सक्ती। महंगाई के इस दौर में जहां आम आदमी के लिए दो वक्त की भोजन व्यवस्था करना भी चुनौती बनता जा रहा है, वहीं सक्ती नगर की प्रतिष्ठित दानवीर फर्म डीएम चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित **श्री वृंदावन भोजनालय** जरूरतमंदों के लिए राहत का बड़ा सहारा बना हुआ है। बुधवारी बाजार मार्ग में जवाहरलाल नेहरू महाविद्यालय के सामने वर्ष 2023 से संचालित इस भोजनालय में मात्र 10 रुपये में लोगों को भरपेट भोजन कराया जा रहा है। ट्रस्ट के 11 सदस्यों की सेवा भावना और सामाजिक सहयोग से पिछले साढ़े तीन वर्षों से लगातार यह पुनीत कार्य जारी है।
डीएम चैरिटेबल ट्रस्ट की इस पहल ने सेवा और संवेदना की ऐसी मिसाल पेश की है, जहां भोजन के साथ-साथ जरूरतमंदों के सम्मान और स्वाभिमान का भी पूरा ध्यान रखा जाता है। भोजनालय में रविवार को छोड़कर सप्ताह के छह दिन प्रतिदिन दोपहर 12 बजे से 2:30 बजे तक भोजन उपलब्ध कराया जाता है। यहां रोजाना लगभग 700 से 800 लोग भोजन करने पहुंचते हैं। इनमें रिक्शा चालक, ऑटो चालक, रेजा-कुली, मजदूर, ग्रामीण क्षेत्रों से बाजार में खरीदारी करने आने वाले लोग और अन्य जरूरतमंद शामिल हैं।
खास बात यह है कि महज 10 रुपये में मिलने वाले भोजन में चावल, दाल, सब्जी और चटनी के साथ समय-समय पर मिठाई भी परोसी जाती है। भोजन की गुणवत्ता, साफ-सफाई और व्यवस्था का विशेष ध्यान रखा जाता है। भोजनालय के संचालन में प्रतिदिन लगभग 14 से 15 कर्मचारी अपनी सेवाएं देते हैं। यहां अमीर-गरीब का कोई भेदभाव नहीं है, बल्कि सभी लोग एक साथ बैठकर भोजन करते हैं।
इस भोजनालय के शुरू होने से पहले दूर-दराज के गांवों से रोजी-रोटी कमाने सक्ती आने वाले मजदूरों और मेहनतकश लोगों को दोपहर के भोजन के लिए अच्छी-खासी रकम खर्च करनी पड़ती थी। इससे उनकी दिनभर की कमाई का बड़ा हिस्सा भोजन में ही खर्च हो जाता था और बचत करना मुश्किल होता था। लेकिन डीएम चैरिटेबल ट्रस्ट की इस सेवा पहल से अब ऐसे लोगों को मात्र 10 रुपये में भरपेट भोजन मिल रहा है, जिससे उनकी मेहनत की कमाई का बड़ा हिस्सा बच पा रहा है।
भोजन करने पहुंचे मसानिया निवासी हरीश साहू, धामसिह अचानकपुर निवासी तथा लोधिया निवासी हीरा सिदार ने बताया कि जब भी वे सक्ती आते हैं, श्री वृंदावन भोजनालय में भोजन जरूर करते हैं। वहीं सक्ती निवासी इंद्र गोयल ने बताया कि वे प्रतिदिन यहां भोजन करने पहुंचते हैं। सभी ने डीएम चैरिटेबल ट्रस्ट के सदस्यों की सेवा भावना की सराहना करते हुए उन्हें साधुवाद दिया।
वहीं भोजन के लिए 10 रुपये का टोकन देने वाले दिनेश अग्रवाल ने बताया कि भोजन के लिए 10 रुपये लेने का उद्देश्य यह है कि किसी जरूरतमंद व्यक्ति के आत्मसम्मान को ठेस न पहुंचे। लोग अपने स्वाभिमान के साथ भोजन कर सकें और उन्हें यह महसूस न हो कि वे किसी से मुफ्त में भोजन ले रहे हैं। इसके साथ ही भोजन की गुणवत्ता और स्वच्छता का भी पूरा ध्यान रखा जाता है।
**सेवा, समर्पण और सामाजिक सरोकार की मिसाल**
आज जब महंगाई आम आदमी की जेब पर लगातार बोझ बढ़ा रही है, ऐसे समय में सक्ती नगर की प्रतिष्ठित दानवीर फर्म डीएम चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा संचालित श्री वृंदावन भोजनालय मानव सेवा और सामाजिक सहयोग की प्रेरणादायक मिसाल बनकर सामने आया है। साढ़े तीन वर्षों से निरंतर चल रही इस पहल के माध्यम से प्रतिदिन सैकड़ों लोगों की भूख मिटाई जा रही है। डीएम चैरिटेबल ट्रस्ट की यह सेवा केवल भोजन उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि जरूरतमंदों को सम्मानपूर्वक भोजन कराकर समाज में मानवीय संवेदनाओं और परोपकार की भावना को भी मजबूत कर रही है।



