छत्तीसगढ़

खबर का असर: अतिथि शुद्ध शाकाहारी फैमिली ढाबा पर खाद्य विभाग की दबिश, पनीर-दाल और चावल के नमूने जब्त, हाईवे के ढाबों में मचा हड़कंप

खबरों के बाद हरकत में आया खाद्य विभाग, ढाबे को जारी किया सुधार सूचना पत्र और नोटिस, अब पुलिस एवं आबकारी विभाग की कार्रवाई का इंतजार, ढाबों की आड़ में जुआ खिलाने की शिकायतों ने बढ़ाई चिंता



सक्ती:- सक्ती शहर से लगे राष्ट्रीय राजमार्ग पर संचालित होटल एवं ढाबों में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता को लेकर लगातार समाचार पत्रों में उठाए जा रहे मुद्दों का असर अब दिखाई देने लगा है। आम नागरिकों को आकर्षक गार्डन और साज-सज्जा दिखाकर अपनी ओर आकर्षित करने वाले होटल एवं ढाबों में परोसे जा रहे भोजन की गुणवत्ता को लेकर उठे सवालों के बीच खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने आखिरकार निरीक्षण अभियान शुरू कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन जिला सक्ती को 16 नवंबर से 30 नवंबर 2026 तक ‘सुरक्षित आहार हमर अधिकार’ थीम के अंतर्गत विशेष सघन निरीक्षण एवं प्रवर्तन अभियान संचालित करने के निर्देश प्राप्त हुए हैं। इसी कड़ी में विभागीय टीम ने सक्ती शहर से लगे हाईवे पर संचालित होटल, ढाबों एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया।

इस दौरान अतिथि शुद्ध शाकाहारी फैमिली ढाबा से पनीर, पकी हुई अरहर दाल एवं पके हुए चावल के नमूने जांच के लिए लिए गए। साथ ही संबंधित प्रतिष्ठान को सुधार सूचना पत्र भी जारी किया गया। निरीक्षण में खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के निर्धारित नियमों एवं शर्तों के अनुरूप संचालन नहीं पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि नोटिस के जवाब संतोषजनक नहीं मिलने पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

खाद्य विभाग के बाद अब पुलिस और आबकारी विभाग की बारी

हाईवे किनारे संचालित कुछ ढाबों की गतिविधियां भी इन दिनों चर्चा का विषय बनी हुई हैं। स्थानीय स्तर पर लगातार ऐसी शिकायतें सामने आ रही हैं कि कुछ स्थानों पर ढाबों की आड़ में कथित रूप से जुआ खिलाने का कारोबार संचालित किया जा रहा है। यदि इन शिकायतों में सच्चाई है तो यह गंभीर विषय है। भोजन और विश्राम की सुविधा देने वाले प्रतिष्ठानों की आड़ में किसी भी प्रकार की गैरकानूनी गतिविधियों को बढ़ावा नहीं मिलना चाहिए।

ऐसे में अब सवाल उठता है कि खाद्य विभाग की कार्रवाई के बाद क्या पुलिस विभाग भी हाईवे किनारे संचालित ढाबों की गतिविधियों की जांच करेगा? वहीं आबकारी विभाग भी अपने अधिकार क्षेत्र में आने वाले नियमों और लाइसेंस संबंधी शर्तों के उल्लंघन पर कब कार्रवाई करेगा? आम नागरिकों के बीच इन विभागों की सक्रियता को लेकर उम्मीदें बढ़ गई हैं।

सिर्फ खाद्य पदार्थों के नमूने लेना ही पर्याप्त नहीं, नियमित निगरानी भी जरूरी

समाचार पत्रों के माध्यम से लगातार उठाए जा रहे मुद्दों के बाद खाद्य विभाग की कार्रवाई निश्चित रूप से सराहनीय है, लेकिन यह अभियान केवल कुछ दिनों तक सीमित नहीं रहना चाहिए। खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता, साफ-सफाई और प्रतिष्ठानों के संचालन की नियमित जांच होनी चाहिए। वहीं जुआ खिलाने की शिकायतों पर पुलिस विभाग को निष्पक्ष जांच कर आवश्यक वैधानिक कार्रवाई करनी चाहिए।

अब देखना यह है कि खाद्य विभाग के बाद पुलिस और आबकारी विभाग भी अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए हाईवे किनारे संचालित ढाबों की गतिविधियों की जांच करते हैं या नहीं। हाईवे के ढाबे आम नागरिकों को स्वच्छ भोजन और बेहतर सुविधा देने के लिए हैं, किसी भी गैरकानूनी गतिविधि का ठिकाना बनने के लिए नहीं।

Related Articles