छत्तीसगढ़

बिलासपुर संभाग की संयुक्त संचालक डॉ. गायत्री बांधी ने किया जिला सक्ती की स्वास्थ्य संस्थाओं का निरीक्षण

स्वास्थ्य सुविधाओं, दवा उपलब्धता, साफ-सफाई एवं मरीजों को दी जा रही सेवाओं का लिया जायजा, व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने पर दिया जोर



सक्ती। बिलासपुर संभाग के स्वास्थ्य विभाग की संयुक्त संचालक डॉ. गायत्री बांधी ने जिला सक्ती का भ्रमण कर विभिन्न स्वास्थ्य संस्थाओं का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य संस्थाओं में उपलब्ध सुविधाओं, मरीजों को प्रदान की जा रही स्वास्थ्य सेवाओं तथा विभागीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान संयुक्त संचालक डॉ. गायत्री बांधी ने सिविल डिस्पेंसरी बराद्वार, आम बराद्वार, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र देवरी एवं जिला चिकित्सालय सक्ती का भ्रमण किया। उन्होंने स्वास्थ्य संस्थाओं में दवाओं की उपलब्धता, साफ-सफाई, मरीजों को मिलने वाले उपचार एवं संस्थागत व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।

इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला सक्ती डॉ. पूजा अग्रवाल सहित स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। भ्रमण में डॉ. आर.पी. देवांगन, डॉ. रेणुका सैमुअल, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पी. सिंह एवं जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) भी शामिल रहे।

निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता बनाए रखने, मरीजों को बेहतर उपचार एवं आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने तथा स्वास्थ्य संस्थाओं की व्यवस्थाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने पर विशेष जोर दिया गया। संयुक्त संचालक द्वारा जिले में स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारू संचालन एवं आम नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करने के संबंध में व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया।

Related Articles