छत्तीसगढ़

वर्षों पुराना सक्ती का रौताही मेला कहीं राजनीति की भेंट न चढ़ जाए! दो स्थानों पर मेला लगाने के निर्णय का विरोध क्यों?

आम जनता और छोटे व्यापारियों की सुविधा के लिए लिया गया था दो मेले लगाने का निर्णय, कुछ लोगों की कथित राजनीति से आयोजन पर मंडरा रहे संकट के बादल



सक्ती। वर्षों पुरानी परंपरा से जुड़ा सक्ती का रौताही मेला इस बार राजनीति का शिकार होता नजर आ रहा है। एक ओर जहां दो स्थानों पर मेला आयोजित होने से आम नागरिकों को सुविधा मिलती, वहीं दूसरी ओर मेले में दुकान लगाने वाले छोटे-बड़े व्यापारियों को भी बेहतर अवसर और राहत मिलती। लेकिन कुछ लोगों द्वारा अपने राजनीतिक हित साधने के प्रयास में मेले के आयोजन में अड़ंगा लगाने की चर्चाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में सवाल उठने लगा है कि आखिर जनहित में लिए गए निर्णय का विरोध क्यों किया जा रहा है?

दरअसल, विगत वर्षों में रौताही मेले के दौरान अवैध वसूली की शिकायतें सामने आई थीं। इन्हीं शिकायतों और आम नागरिकों की मांग को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका ने इस बार दो स्थानों पर मेला आयोजित करने का निर्णय लिया था। इसके तहत एक मेला बाजार स्थल पर तथा दूसरा रेलवे स्टेशन के समीप आयोजित किए जाने की योजना बनाई गई थी। इस व्यवस्था का उद्देश्य मेले का विस्तार करने के साथ ही आम लोगों को सुविधा देना और दुकानदारों को अधिक अवसर उपलब्ध कराना था।

नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने बताया कि लोगों की मांग और नगरहित को ध्यान में रखते हुए सभी पार्षदों एवं एल्डरमैन की बैठक में दो स्थानों पर मेला लगाने का निर्णय सर्वसम्मति से लिया गया था। यह निर्णय किसी व्यक्ति विशेष के हित में नहीं, बल्कि आम जनता, व्यापारियों और नगर के समग्र हित को ध्यान में रखकर लिया गया था।

ऐसे में अब इस निर्णय को लेकर विरोध और मेले को निरस्त कराने की कोशिशों की चर्चाओं ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं। यदि दो स्थानों पर मेला लगाने से आम जनता को सुविधा और दुकानदारों को रोजगार के बेहतर अवसर मिलते हैं, तो फिर इसका विरोध किसके हित में किया जा रहा है? वर्षों पुरानी परंपरा को राजनीति की भेंट चढ़ने से बचाना जरूरी है।

**नगरवासियों की अपेक्षा है कि रौताही मेले को लेकर किसी भी प्रकार की राजनीतिक खींचतान से ऊपर उठकर जनहित में लिए गए निर्णय का सम्मान किया जाए, ताकि सक्ती की यह पुरानी परंपरा उत्साह और उल्लास के साथ संपन्न हो सके।**

Related Articles