नपा अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल ने किया जिंदल ई-ऑटो शोरूम का शुभारंभ, ई-वाहनों को बताया भविष्य की जरूरत

सक्ती। जिला मुख्यालय शक्ति के स्टेशन रोड स्थित प्रतिष्ठित जिंदल प्लाजा में 12 मई को जिंदल ई-ऑटो का भव्य शुभारंभ किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद शक्ति के अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। शुभारंभ अवसर पर भगवान विश्वकर्मा, मां सरस्वती एवं भारत माता की पूजा-अर्चना कर कार्यक्रम की शुरुआत की गई। इस दौरान जिंदल परिवार के सदस्य, संचालक मंडल एवं नगर के गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए नपा अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल ने कहा कि वर्तमान समय में विश्व स्तर पर बढ़ते तेल संकट और मिडिल ईस्ट में चल रहे तनावपूर्ण हालात को देखते हुए आने वाले समय में ई-वाहनों की उपयोगिता और अधिक बढ़ने वाली है। उन्होंने कहा कि डीजल और पेट्रोल की बढ़ती खपत को कम करने के लिए लोगों को अब इलेक्ट्रिक वाहनों की ओर कदम बढ़ाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी लगातार ई-वाहनों के उपयोग को बढ़ावा देने पर जोर दे रहे हैं। ऐसे में शक्ति जैसे जिला मुख्यालय में जिंदल ई-ऑटो शोरूम की शुरुआत क्षेत्रवासियों के लिए एक बड़ी सुविधा साबित होगी। इससे लोगों को आधुनिक ई-थ्री व्हीलर वाहन उपलब्ध होने के साथ-साथ बेहतर सर्विस और विश्वसनीय सुविधाएं भी मिल सकेंगी।
शुभारंभ अवसर पर उपस्थित लोगों ने जिंदल ई-ऑटो की इस नई पहल की सराहना करते हुए इसे पर्यावरण संरक्षण एवं आधुनिक परिवहन व्यवस्था की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।





