छत्तीसगढ़

ब्लाइंड स्कूल के बच्चों संग बिताया यादगार रविवार: शुभम अग्रवाल ने मित्रों के साथ स्वयं बनाया भोजन, अपने हाथों से कराया भोजन



सक्ती। सेवा, संवेदना और अपनत्व का अनूठा उदाहरण रविवार को सक्ती के कसेरपारा स्थित ब्लाइंड स्कूल में देखने को मिला। समाजसेवी एवं ठेकेदार शुभम अग्रवाल ने अपने मित्रों के साथ ब्लाइंड स्कूल पहुंचकर बच्चों और शिक्षकों के लिए स्वयं स्वादिष्ट भोजन तैयार किया। भोजन के साथ सभी को मिठाई भी परोसी गई। शुभम अग्रवाल एवं उनके साथियों ने बच्चों और शिक्षकों को अपने हाथों से भोजन परोसकर उनका आत्मीय स्वागत किया।

इस अवसर पर ब्लाइंड स्कूल का माहौल खुशियों से भर गया। बच्चों ने स्वादिष्ट भोजन का आनंद लिया और शुभम अग्रवाल सहित उनके साथियों के इस स्नेहपूर्ण प्रयास की सराहना की। कार्यक्रम में आकाश अग्रवाल, मनीष राठौर, भोलू, पिंटू, मनीष वैष्णव सहित उनके सभी मित्रगण उपस्थित रहे।

इस मौके पर शुभम अग्रवाल ने कहा कि “आज इन बच्चों के साथ स्वयं खाना बनाकर और अपने हाथों से उन्हें भोजन कराकर जो आत्मिक सुख और संतोष मिला है, वह किसी भी 5-स्टार होटल में बैठकर भोजन करने से नहीं मिल सकता। यह अनुभव मेरे जीवन की सबसे बड़ी खुशियों में से एक है। मैं समाज के सभी लोगों से अपील करता हूं कि वे समय निकालकर ऐसे बच्चों के बीच जरूर आएं, उनके साथ समय बिताएं और अपनी क्षमता अनुसार उनकी मदद करें।”

शुभम अग्रवाल और उनके साथियों की इस अनूठी पहल की विद्यालय परिवार ने सराहना करते हुए इसे समाज के लिए प्रेरणादायी कदम बताया। यह आयोजन केवल भोजन वितरण तक सीमित नहीं रहा, बल्कि बच्चों के चेहरे पर मुस्कान लाने और उन्हें अपनापन महसूस कराने का एक भावनात्मक प्रयास भी बना।

Related Articles