छत्तीसगढ़

आप जैसा सोचते हैं वैसे ही आप जीवन में बनेंगे…हमेशा बड़े सपने देखिए लेकिन परिश्रम भी कीजिए : एसपी अंकिता शर्मा

 एसपी के मुख्य आतिथ्य में गुंजन एजुकेशन सेंटर में बसंत उत्सव धूमधामपूर्वक मनाया गया

सक्ती। गुंजन एजुकेशन सेंटर सक्ती में बसंत उत्सव का आयोजन पुलिस अधीक्षिका आईपीएस अंकिता शर्मा के मुख्य आतिथ्य में हर्षोल्लास एवं धूमधामपूर्वक किया गया। उन्होंने उपस्थित जनों को संबोधित करते हुए जीवन में सफलता हासिल करने और लक्ष्य तक पहुंचने के गुर सिखाए। उन्होंने उपस्थित बच्चों की हौसला अफजाई करते हुए उन्हें निरंतर लगन के साथ परिश्रम करने की प्रेरणा दी।

मुख्य अतिथि अंकिता शर्मा ने कहा कि हमेशा सपने बड़े देखना चाहिए। कभी अपने आप को छोटा नहीं समझना चाहिए। छोटे जगह में रहने वाले लोग भी बड़ी कामयाबी हासिल कर सकते हैं। अपने जीवन के स्वर्ण काल का सदुपयोग करते हुए सभी को सफलता के लिए परिश्रम करना चाहिए। जीवन में जब भी विपरीत परिस्थिति आती है तब अपनी उपलब्धियों को याद करना चाहिए। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने विद्यालय में मौजूद बच्चों को कहा कि जैसा आप सोचते हैं वैसे ही आप जीवन में बनेंगे। हमेशा अपने पैरेट्स की इज्जत करना चाहिए। अपने शिक्षकों के प्रति विश्वास रखना चाहिए। जीवन में आप कहीं भी पहुंच जाइए जीवन में आपकी सफलता का कोई याद नहीं करेगा लेकिन आपके अच्छे कार्यों को हमेशा याद रखा जाएगा।

अभिभावकों से अपील करते हुए उन्होंने कहा कि कभी भी बच्चों को हतोत्साहित न करे हमेशा उनका उत्साह वर्धन करे। जिला पंचायत सदस्य श्रीमती विद्या सिदार ने कहा कि सभी बच्चों को मेहनत के साथ आगे बढऩा चाहिए और अपने गुरु जनों के बताएं मार्ग पर आगे बढ़े सफलता निश्चित तौर पर कदम चूमेगी। जिला पंचायत सदस्य टिकेश्वर गबेल ने कहा कि कभी भी दबाव में आकर पढ़ाई नहीं करनी चाहिए और परीक्षा में बिना किसी दबाव के बैठे हैं ताकि आपको अच्छी सफलता हासिल हो सके।

कार्यक्रम को अनूप अग्रवाल, रामावतार अग्रवाल, घनश्याम पांडे, सुमित शर्मा, रामनरेश यादव ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम की शुरुआत में विद्यालय के शिक्षकों ने अतिथियों का सम्मान किया। इस अवसर पर बच्चों ने विभिन्न प्रकार की प्रस्तुतियां दी। इसके बाद निर्णायक मंडल के सदस्य ज्योति शर्मा, मीनल अग्रवाल, श्रीमती दीप्सि सिंह ने प्रतियगिता पर अपना निर्णय दिया इस आधार पर बच्चों को प्रथम, द्वितीय और तृतीय आने पर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर विद्यालय के डायरेक्टर श्रीमती उषा देवी सोनी, नितिन सोनी, प्रिंसिपल सात्वना श्रीवास्तव, अन्नपूर्णा सोनी ने आए हुए आगंतुकों तथा प्रतियोगिता में सफल हुए छात्र-छात्राओं के प्रति आभार प्रकट करते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम की सफल संचालन में विद्यालय के शिक्षक शिक्षकों एवं समस्त स्टाफ का सराहनीय योगदान रहा। अंत में पुरस्कार वितरण नगर के विद्यालय अनुनय कान्वेंट स्कूल के संचालक योगेश साहू, जेबीडीएवी स्कूल के संचालक अनिल दरयानी, लिटिल फ्लावर स्कूल के संचालक अनीस अरमान, सुमित शर्मा एवं विद्यालय प्रबंधन के सदस्यों के कर कमल से वितरित किया गया।

Related Articles