छत्तीसगढ़

एसपी अंकिता शर्मा के दिशा निर्देश में जिले में शुरू हुआ नशा विरोधी अभियान, मेडिकल स्टोर्स में दी गई दबिश

सक्ती। जिले नशे के बढ़ते अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने एसपी अंकिता शर्मा के दिशा निर्देश में आज से नशाविरोधी अभियान छेड़ दिया गया है। इसी तारतम्य में आज जिले के विभिन्न मेडिकल स्टोर्स में दबिश देकर दवा स्टोरेज़ गोदाम के अलावा दवा दुकानों का लाइसेंस, प्रोपराइटर की जानकारी, फार्मास्यूटिकल के संचालक की डिग्री और वैध दस्तावेजों का औचक निरीक्षण किया गया। इस दौरान नारकोटिक्स ड्रग्स जिनका लोग नशे के लिए इस्तेमाल करते हैं जैसे अल्प्राजोलम, नाईट्रा आदि और उनके सप्टिट्यूट को चेक कर दवा विक्रेताओं को सख्त हिदायत दी गई की बिना वैध मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन और रिकॉर्ड को उचित तरीके से संधारित किए बिना ऐसे दवाओं के विक्रय करने पर NDPS एक्ट के प्रावधानों के तहत कठोर कारवाई की जायेगी।

उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षिका अंकिता शर्मा अपनी पदस्थापना के बाद से ही सतत नशा उन्मूलन की दिशा में प्रयासरत रही हैं। अवैध शराब के व्यवसाय के विरुद्ध पुलिस द्वारा की गई लगातार और कठोर कारवाई ने काफी हद तक इस पर अंकुश लगाया है। अब पुलिस अधीक्षिका अंकिता शर्मा ने ड्रग्स के रूप में लिए जाने वाले सूखे नशे और टेबलेट के विरुद्ध अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं और औषधि विभाग को साथ लेकर कारवाई करने पुलिस अधिकारियों को उनके द्वारा कहा गया है।

शहर में बढ़ते नशे के विरुद्ध, विशेषकर युवा वर्ग जो कि लगातार ऐसी प्रतिबंधित दवाओं का सेवन करके न सिर्फ अपना स्वाथ्य और भविष्य बर्बाद कर रहे हैं, बल्कि अपराध की ओर भी प्रवृत्त होते हैं। इसके लिए पुलिस अधीक्षिका अंकिता शर्मा ने प्रभावी अभियान चलाने के निर्देश पुलिस अधिकारियों को दिए। इस तारतम्य में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रमा पटेल जी के मार्गनिर्देशन में आज एसडीओपी सक्ति मनीष कुंवर ने औषधि विभाग के निरीक्षक सुमीत परिहार और सक्ति पुलिस से उप निरीक्षक अनवर अली और उप निरीक्षक समीर डुंगडुंग टीम के साथ नगर के मेडिकल स्टोर्स में चेकिंग का विशेष अभियान चलाया।

इस अभियान के दौरान सक्ती नगर में स्थित खेतान मेडिकल, श्याम मेडिकल, डालमिया मेडिकल, अशोक मेडिकल, रतेरिया मेडिकल और गायत्री मेडिकल एवं दवा स्टोरेज़ गोदाम की औचक चेकिंग की गई। चेकिंग के दौरान दवा दुकानों का लाइसेंस, प्रोपराइटर की जानकारी, फार्मास्यूटिकल के संचालक की डिग्री और वैध दस्तावेज, दवाओं की स्टॉक पंजी, विशेषकर एनआरएक्स (नारकोटिक्स ड्रग्स) के संबंध में रखे जाने वाले रजिस्टर, स्टॉक पंजी, खरीदी बिक्री की पंजी और मेडिकल प्रिस्क्रिप्शन का रिकॉर्ड रखने संबंधी दस्तावेज की जांच पड़ताल की गई।

Related Articles