एसपी अंकिता शर्मा ने जिलेवासियों को ”संवाद” के बाद दी ”सुविधा” की सौगात

-
‘सुविधा ‘ के माध्यम से अब ऑनलाइन होगा चरित्र सत्यापन
-
ई-मेल भेजकर हितग्राही कर सकेंगे आवेदन
-
सत्यापन की प्रक्रिया होगी सरल और सुगम
सक्ती (सक्ती टॉप न्यूज)। नव पदस्थ एसपी अंकिता शर्मा द्वारा चलित थाना केंद्र ‘संवाद’ के बाद अब ‘सुविधा ‘ की जो अनुपम व आत्मीय पहल की गई है, उसने चरित्र सत्यापन की प्रक्रिया को काफी सरल, सहज और सुगम बना दिया है। एसपी अंकिता शर्मा द्वारा की जा रही इस तरह की अनुकरणीय पहल की जिलेवासियों द्वारा काफी सराहना की जा रही है।
पुलिस अधीक्षिका अंकिता शर्मा की अभिनव पहल पर जहां चलित थाना केंद्र ”संवाद” के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है, वहीं ‘सुविधा ‘ के माध्यम से अब जिलेवासियों के लिए चरित्र सत्यापन काफी आसान हो जाएगा। इसके लिए अब एसपी कार्यालय या थाने जाने के बजाय सीधे ई-मेल SP-Sakti @cg.gov.in के माध्यम से आवेदन प्रस्तुत किया जा सकता है।
चरित्र सत्यापन दस्तावेज संबंधित कार्य लगभग 10 दिनों के भीतर एसपी कार्यालय से प्राप्त किया जा सकेगा। चरित्र सत्यापन की सॉफ्ट कॉपी ईमेल के माध्यम से और हार्ड कॉपी निर्धारित समयान्तराल व कार्यालयीन अवधि में एसपी कार्यालय से प्राप्त की जा सकती है। इस संबंध में अत्यधिक जानकारी के लिए मो. नं. 8770331030, 9479189615 पर कार्यालयीन समय में संपर्क किया जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि नव पदस्थ एसपी श्रीमती अंकिता शर्मा द्वारा पदभार ग्रहण करते ही जिले में अपराध, नशे के अवैध कारोबार, जुआ व सटोरियों पर नकेल कसने को लेकर दिशा निर्देश जारी करते ही लगभग सभी थाना क्षेत्रों में उसका अक्षरश: परिपालन प्रारंभ हो गया है।
इसी का परिणाम है कि प्रतिदिन किसी न किसी थाना क्षेत्र में अवैध शराब विक्रेता की शामत आ रही है और मौके से उन्हें गिरफ्तार कर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराते हुए जेल भेजा जा रहा है। एसपी अंकिता शर्मा का कहना है कि अवैध शराब की बिक्री को लेकर आगे भी जिले में निरंतर गहन सर्च अभियान जारी रहेगा। आपराधिक तत्वों पर प्रभावी अंकुश लगाने उन्होंने सख्त दिशा निर्देश जारी कर दिए हैं।



