130 किलोमीटर लंबी पांच दिवसीय पैदल निशान यात्रा का श्याम प्रेमियों ने सपोस में किया स्वागत

-
सैकड़ो की संख्या में श्याम प्रेमी निशान लेकर बाबा श्याम के रथ के साथ जा रहे भठली धाम -
19 फरवरी को मालखरौदा, डभरा, चंद्रपुर होते हुए भठली धाम पहुंचेगी निशान यात्रा
सक्ती. शहर के श्याम प्रेमियों द्वारा विगत 2 वर्ष से निरंतर भठली वाले बाबा श्याम की पैदल निशान यात्रा का कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, इसी श्रृंखला में 15 फरवरी को श्री श्याम निशान पदयात्रा समिति द्वारा अपनी तृतीय निशान पदयात्रा निकाली गई। इस पदयात्रा में श्याम प्रेमी रथ पर बाबा श्याम और बाजे गाजे के साथ आज मालखरौदा, डभरा होते हुए सपोस पहुंचे, जहां जगह-जगह श्याम प्रेमियों ने उनका स्वागत किया। कुछ घंटों के अंतराल में यह निशान यात्रा चंद्रपुर पहुंचेगी। इस दौरान जगह-जगह लोगों को बाबा श्याम के दर्शन का सौभाग्य प्राप्त होगा.
ज्ञात रहे कि 14 फरवरी की शाम श्री राधा कृष्ण मंदिर सभागार में भजन, कीर्तन एवं भंडारा प्रसाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया था, जहां बाबा श्याम की ज्योत के साथ ही आगंतुक भजन गायको ने बाबा श्याम के सुंदर भजनों की प्रस्तुति दी थी। भठली धाम के लिए रवाना हुई पैदल पदयात्रा श्याम प्रेमियों के अनूठे जुनून का परिचायक है तथा लगभग 130 किलोमीटर की पैदल यात्रा को श्याम प्रेमी नंगे पांव पक्की सड़कों पर चलकर पूरा करते हैं एवं भठली धाम में निशान अर्पित करते हुए पूरे क्षेत्र की सुख शांति समृद्धि की कामना करते हैं।



