छत्तीसगढ़

विशाल जनसभा में राहुल ने भरी हुंकार…कहा- मैं जातिगत जनगणना करवाकर रहूंगा, नोटबंदी-जीएसटी पर केंद्र सरकार को जमकर कोसा… अदाणी और पीएम मोदी को किया टारगेट; जाते- जाते लोकसभा चुनाव में अच्छी सरकार चुनने का सन्देश दे गए राहुल

भारत जोड़ो न्याय यात्रा के सक्ती पहुंचने पर राहुल गांधी का अनेक स्थानों पर किया गया भव्य स्वागत

अग्रसेन चौक में राहुल ने विशाल जनसभा को किया संबोधित

छग के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. महंत, छग प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के अलावा कई दिग्गज कांग्रेसी नेता भी न्याय यात्रा में हुए शामिल

सक्ती। भारत जोड़ो न्याय यात्रा के सक्ती पहुंचने पर सांसद राहुल गांधी का भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने अग्रसेन चौक में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने हमेशा की तरह अदाणी और पीएम मोदी को टारगेट करते हुए केंद्र सरकार को नोटबंदी और जीएसटी पर जमकर खरी-खोटी सुनाई। राहुल ने हुंकार भरते हुए कहा कि मैं जातिगत जनगणना करवाकर रहूंगा। इससे देश के हर वर्ग को फायदा होगा। उन्होंने मोदी सरकार पर कटाक्ष करते हुए कहा कि वह जातीय जनगणना नहीं कराना चाहती। भारत जोड़ो संकल्प यात्रा में उनके साथ छग के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष डॉ. महंत, छग प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट के अलावा अन्य दिग्गज कांग्रेसी नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।

राहुल गांधी ने आगे कहा कि आज मोदी सरकार अदाणी को फायदा पहुंचा रही है। जहां अदाणी ने देशवासियों की जेब काटने का काम किया है वहीं मोदी सरकार की नोटबंदी, जीएसटी ने आम नागरिकों का जीना दूभर कर दिया है । राहुल गांधी ने जीएसटी को लेकर वार्ड क्रमांक- 12 नवधा चौक निवासी दीपक जनरल स्टोर के संचालक श्री गुप्ता को बुलाकर उनसे भी राय मांगी, जिस पर उन्होंने जीएसटी के विरोध में राहुल गांधी का समर्थन किया। राहुल गांधी ने कहा कि आज मोदी की सरकार ने इस देश में आम नागरिकों के हित को नजरअंदाज करते हुए भ्रष्टाचार को बढ़ावा दिया है, जिससे आज देशवासी परेशान हैं। हमे इन सभी को एवं इन बातों को ध्यान में रखना है एवं लोकसभा के चुनाव में हमें अच्छी सरकार चुनना है।

इसके पूर्व राहुल गांधी के आगमन के दौरान जब वे सक्ती शहर की प्रवेश सीमा में पहुंचे तो जिला कांग्रेस कमेटी शक्ति सहित जांजगीर चांपा लोकसभा क्षेत्र के सभी कांग्रेस विधायकों एवं नेताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया। वे राजापारा चौक से अग्रसेन चौक तक पैदल मार्च करते हुए पहुंचे। उनके आगमन के पूर्व ही पूरे शहर को आकर्षक ढंग से सजाया दिया गया था।

अग्रसेन चौक में लगभग आधे घंटे तक अपने संबोधन में राहुल गांधी ने छत्तीसगढ़ प्रदेश के विकास के संबंध में कुछ भी नहीं कहा, केवल केंद्र की मोदी सरकार को कोसते नजर आए। राहुल गांधी के आगमन के दौरान जहां कांग्रेस जन उत्साहित नजर आए। जैसे-जैसे राहुल का काफिला आगे बढ़ता गया, वैसे-वैसे शहर के विभिन्न चौक-चौराहों नंदेली भाटा चौक, राजापारा चौक, वैष्णो देवी मंदिर चौक, नारायण सागर रोड, अग्रसेन चौक, पुरैनापारा चौक, अस्पताल चौक, बुधवारी बाजार, कोरबा बस स्टैंड, फुलवारी चौक पर उनका जोरदार स्वागत किया गया।

Related Articles