छत्तीसगढ़

पद का अभिमान दरकिनार कर दिग्गज कांग्रेसियों को बिठाकर खुद चलाई कार, सक्तीवासियों का आतिशी अभिनंदन दिल से किया स्वीकार…तो ऐसे हैं सचिन पायलट

  • कार से सक्ती पहुंचकर कांग्रेस कार्यकर्ताओं में भरा जोश

  • कहा- जल्द छत्तीसगढ़ में दस्तक देगी भारत न्याय यात्रा, आएंगे राहुल गांधी

सक्ती। कॉग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलेट जहां अपने पद का अभिमान दरकिनार कर कार में दिग्गज कांग्रेस नेताओं को बिठाकर खुद ड्राइविंग करते अपने काफिले के साथ सक्ती पहुंचे, वहीं जाने से पूर्व भारत न्याय यात्रा और राहुल गांधी के छत्तीसगढ़ पहुंचने की जानकारी देकर कांग्रेस में नया उत्साह भरते हुए उन्हें रिचार्ज कर गए। इस अवसर पर कांग्रेसियों ने उनका आतिशी स्वागत किया। राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक सचिन पायलट ने अब तक जो भी राजनीतिक पारी खेली है, उसमें उन्हें सफलता अवश्य मिली है। कांग्रेस प्रदेश प्रभारी ने सक्ती जिले से लोकसभा चुनाव का शंखनाद कर दिया है। उनका यह कदम छत्तीसगढ़ की राजनीतिक फिजां में बखूबी रंग लाएगा।

कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट शुक्रवार को अपने काफिले के साथ वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं पूर्व सीएम भूपेश बघेल, नेता प्रतिपक्ष चरण दास महंत, प्रदेश अध्यक्ष दीपक बैज को लेकर खुद कार चलाते हुए सक्ती पहुंचे। इस अवसर पर सक्तीवासियों ने उनका भव्य स्वागत किया।

सचिन पायलट ने भारत न्याय यात्रा के संबंध में बताया कि 8 फरवरी को राहुल गांधी ओडिशा से होते हुए छत्तीसगढ़ आएंगे। उन्होंने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य आम जनों तक अपनी बात पहुंचाना है। लोकसभा चुनाव को लेकर पूछे गए एक सवाल के जवाब में उन्होंने बताया कि विधानसभा चुनाव में हार का अंतर कोई ज्यादा नहीं था। लोकसभा चुनाव के बारे में उन्होंने कहा कि 10 साल से जनता उब चुकी है और न्याय यात्रा का फायदा अवश्य मिलेगा।

Related Articles