छत्तीसगढ़

जन समस्या निवारण शिविर… विभागीय अधिकारियों की घोर लापरवाही का खामियाजा भुगतते रहे नगरवासी और राहगीर

रेलवे स्टेशन रोड पर लगा लंबा जाम, किसी की ट्रेन छूटी तो कोई अस्पताल पहुंचने के लिए करता रहा मशक्कत, मौके पर हितग्राहियों को शिविर में नहीं मिले अधिकारी

सक्ती (Shaktitopnews)। जन समस्या निवारण शिविर का आयोजन नागरिकों की समस्याओं को दूर करने और त्वरित निराकरण करने के लिए किया जाता है लेकिन यदि इस शिविर के आयोजन से लोगों की समस्याएं और भी बढ़ जाए तो इसे विभागीय अधिकारियों की घोर लापरवाही ही मानी जाएगी। कुछ ऐसा ही नजारा आज रेलवे स्टेशन रोड सक्ती में देखने को मिला, जहां आयोजित शिविर में पहुंचने के लिए लोगों द्वारा खड़े किए गए वाहनों के कारण लंबा जाम लग गया। इस जाम के कारण किसी की ट्रेन छूट गई तो कोई अस्पताल पहुंचने के लिए मशक्कत करता नजर आया। इस जाम के कारण लोग किन-किन परेशानियों में घिर गए, यह कहना मुश्किल जरूर है, लेकिन यहां का नजारा लोगों की परेशानियों की सचित्र व्याख्या करने के लिए पर्याप्त है। यहां लगे जाम का नजारा देखकर सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है कि व्यापक पैमाने पर जिले में हो रहे इस तरह के आयोजनों को यदि धरातल पर साकार करना है तो इसके लिए विधिवत कार्ययोजना तैयार किया जाना अत्यंत आवश्यक है।

शहर में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया जा रहा है. सक्ती के रेलवे स्टेशन रोड में स्थित स्वामी आत्मानंद स्कूल परिसर में यह शिविर लगाया गया है, जिसमें सभी विभागों के शिविर लगाए गए हैं, यहां लोगों की समस्या सुनी जा रही है. लेकिन अधिकारियों की लापरवाही के चलते यह शिविर लोगों की समस्या दूर करने की बजाए लोगों के लिए समस्या बन गया है.

दरअसल, शिविर का आयोजन शहर के अंदर किया जा रहा है. जिसमें जिले भर से हजारों की संख्या में लोग पहुंचे हुए हैं. जिसके चलते सक्ती के कई मार्ग पूरी तरह से जाम हो गए हैं. सक्ती का रेलवे स्टेशन रोड पूरी तरह जाम हो गया है. सड़क के दोनों ओर गाडिय़ां खड़ी कर दी गई है. हजारों लोगों की भीड़ एक साथ इस रोड से होकर शिविर पहुंच रही हैं. जिसके चलते सड़क पूरी तरह जाम हो गई है. कई लोग जिन्हें ट्रेन पकडऩी थी वो भी समय पर स्टेशन नहीं पहुंच पाए और उनकी ट्रेन छूट गई.

शिविर में पहुंचे हितग्राहियों का कहना है कि कई विभागों के अधिकारी उन्हें मौके पर नहीं मिले. उनकी समस्या सुनने वाला मौके पर कोई नहीं था. ज्यादातर ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने वाले लोग पहुंचे हुए थे. लेकिन दोपहर तक इसका काम चालू नहीं हो सका और कई लोग निराश होकर वापस लौट गए.

जाम के कारण मरीजों को अस्पताल ले जाने में हुई परेशानी

नगर के लोगों का कहना है कि जिला स्तरीय आयोजन है. जिसमें जिले भर से हजारों लोग अपनी समस्या लेकर आए हैं. इतना वृहद कार्यक्रम नगर के अंदर करना अधिकारियों की लापरवाही को दर्शाता है. अधिकारियों की लापरवाही के चलते कई लोग जिन्हें ट्रेन पकडऩी थी उनकी ट्रेन छूट गई. यहीं कई लोग जो अस्पताल जा रहे थे उन्हें भी घटों जाम से होकर गुजरना पड़ा.

Related Articles