अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर बाराद्वार में निकाली गई भव्य रैली, जगह-जगह हुआ स्वागत

बाराद्वार। बाराद्वार में अयोध्या में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के मौके पर धूम मची रही. यहां सैकड़ों की संख्या में महिलाओं और युवाओं ने रामजानकी मंदिर से भव्य रैली निकाली. सुबह से ही नगर पंचायत बाराद्वार के साथ-साथ आसपास के ग्रामों का माहौल पूरा तरह राममय हो गया और सभी प्रसिद्ध मंदिरों में भगवान के दर्शन के लिए हजारों श्रद्धालुओं का दिन भर तांता लगा रहा। जगह-जगह भोग-भण्डारे का आयोजन किया गया।
बाराद्वार में रामलला के प्राण प्रतिष्ठा के अवसर पर निकाली गई भव्य रैली में महिलाओं और युवाओं में काफी उत्साह देखने को मिला। इस दौरान जगह-जगह रैली का स्वागत किया गया वही जय श्रीराम का नारा लगाते महिलाओं और युवतियों में काफी उत्साह देखते बन रहा था। बकायदा महिलाओं और युवाओं ने हाथों में भगवान श्रीराम के झंडे लेकर विशाल रैली निकाली. इस रैली में सैकड़ों रामभक्त शामिल हुए।
बाराद्वार के कोने कोने और आसपास के अंचलों तथा निकटवर्ती इलाकों के अधिकांश गली मोहल्लों से बड़ी संख्या में रामभक्त इस रैली में शामिल हुए। रामजानकी मंदिर से यह रैली शाम 3.30 बजे निकाली गई, जो शहर भ्रमण करते हुए वापस रामजानकी मंदिर पहुंची, जहां सायं 6 बजे महाआरती का आयोजन किया गया। इसके उपरांत 6.30 बजे सुंदरकांड का पाठ किया गया। अन्नपूर्णा गुलाब मंदिर के पास रात 8.30 बजे से राम रसोई का आयोजन किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने प्रभु श्रीराम का प्रसाद ग्रहण किया।
इस दौरान भव्य आतिशबाजी और लाइटिंग से चहुंओर का दृश्य देखते ही बन रहा था। इस दौरान पूरा अंचल राममय हो गया। जगह जगह भंडारा, लड्डू वितरण और शोभा यात्रा के साथ सभी राम मंदिरों और हनुमान मंदिरों में अखण्ड रामायण का पाठ भी किया गया।
रैली में शामिल महिलाओं ने सक्ती टॉप न्यूज से कहा कि लंबे इंतजार के बाद आखिरकार राम के धाम अयोध्या में रामलला मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा की जा रही है. पूरे देश में खुशी का माहौल है, ऐसे में वे भी इस राममय माहौल में रैली निकालकर खुशी मना रहे हैं.




