छत्तीसगढ़

मुख्य मार्ग में हो रहा अवैध चखना सेंटरों का संचालन, लग रहा शराबियों का जमघट, लडखड़़ाते कदम और बोतलें लहराते शराबी आते हैं नजर, नगरवासी परेशान…

आबकारी विभाग मौन, नियम विरूद्ध चखना सेंटरों के संचालन पर आखिर खामोशी क्यों?

सक्ती। सक्ती की देशी-विदेशी मदिरा दुकान में चखना दुकान के संचालन के लिए शासकीय अहाता सेंटर का टेंडर होने के बाद भी कुछ लोगों द्वारा मुख्य मार्ग में अवैध रूप से चखना सेंटरो का संचालन किया जा रहा है, जो पूर्णत: नियम विरूद्ध है। इससे एक ओर जहां मुख्य मार्ग में ही शराबियों का जमघट लग रहा है, वहीं यहां से गुजरने वाले नागरिक हलाकान हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार सक्ती में संचालित देशी-विदेशी मदिरा दुकान के पास शासकीय अहाता सेंटर का टेंडर हुआ है, जहां चखना सेंटर का संचालन किया जाता है। इसके बाद भी मदिरा दुकान से 100-150 मीटर की परिधि में लगभग 10-12 अवैध चखना सेंटर संचालित किए जा रहे हैं, जिससे यहां शराबियों का जमघट लगने लगा है। छत्तीसगढ़ अहाता पॉलिसी के अनुसार शराब दुकान के 100-150 मीटर की परिधि में कोई दूसरा व्यक्ति चखना सेंटर नहीं खोल सकेगा। इसके बाद भी यहां इस तरह से नियम विरूद्ध चखना सेंटरों के संचालन से आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली पर प्रश्न चिन्ह लग गया है। एक ओर यहां से गुजरने वाले नागरिक हलकान हो रहे हैं, वहीं आबकारी विभाग का सुस्त रवैया और खामोशी समझ से परे है।

गौरतलब रहे कि शराब दुकानों का संचालन ऐसे स्थानों पर किया जाना चाहिए जो आम आदमी के लिए कष्टदायक न हो। इस बार अहाता दुकान का ठेका होने के बाद भी मनमाने स्थान पर अवैध चखना दुकानों का संचालन शुरू हो गया है। विभागीय अधिकारी नियमों का पालन कराने के बजाए मौन साधे हुए हैं।

चेतावनी जारी

शराब दुकान के निकट संचालित अवैध चखना सेंटरों को लेकर यहां के रहवासियों ने विभागीय अधिकारियों को चेतावनी दी है कि नियम विरूद्ध संचालित चखना सेंटरों में उमड़ रही शराबियों की भीड़ और बिगड़े रहे माहौल से यदि जनसमस्या बढ़ेगी, तो वे इसके निदान के लिए सडक़ पर उतरेंगे जिसकी समस्त जवाबदारी प्रशासन और आबकारी विभाग की होगी।

नशे में धुत्त लहराते शराबी घूरते हैं…

शहर की महिलाओं और छात्र छात्राओं का इस मार्ग से दिन भर आना जाना रहता है। जब छात्राएं गुजरती हैं तो शराबी उन्हें घूरते हुए उनके बारे में अनाप-शनाप बातें करते हैं। शाम के समय नगरवासी घूमने के लिए जाते थे लेकिन शराबियों का जमावड़ा देख अब वहां आना-जाना बंद कर दिया गया है। शाम होने के बाद यहां से लोगों का निकलना मुश्किल हो जाता है। शराबियों का जमघट और उत्पात मचाते लोगों के कारण महिलाओं को खासी दिक्कत हो रही है।

जगह-जगह दिख रही शराब की बोतल

शासकीय अहाता सेंटर से अलग चलाए जा रहे चखना सेंटरों के आसपास जगह जगह शराब की बोतलें फेंकी गई हैं। चूंकि यहां के नागरिकों का यहां से आना जाना लगा रहता है। ऐसे में आक्रोश पनपना स्वाभाविक है। जगह-जगह शराब की बोतलें पड़ी दिख रही हैं और बोतलें लहराते हुए शराबी नजर आते हैं। लगता है कि आबकारी विभाग के अधिकाारियों को जन समस्या से कोई सरोकार नहीं रहा तभी तो यहां अवैध तरीके से संचालित चखना सेंटर के संचालकों के हौसले बुलंद हो चले हैं, जो ने आमजन की समस्या को नहीं सुना।

 

Related Articles