हिट एण्ड रन और बीएनएस को लेकर ड्राइवर महासंगठन ने राज्यपाल के नाम कलेक्टर-एसपी को सौंपा ज्ञापन, समुचित कार्यवाही का मिला आश्वासन

ड्राइवर लायसेंस युक्त एवं नशा मुक्त रहकर चलाएं वाहन : अधिवक्ता चितरंजय पटेल
सक्ती। छत्तीसगढ़ ड्राइवर महासंगठन के प्रदेश नेतृत्व के आह्वान पर पूरे छत्तीसगढ़ में ड्राइवर महासंगठन के जिला इकाइयों के द्वारा सभी जिला कलेक्टर्स को ज्ञापन देकर हिट एण्ड रन एवम् नई कानून बी एन एस की धारा 106(2) को लेकर सभी ड्राइवरों को जागरूक करने प्रशिक्षण कार्यशाला आयोजित करने की अपील की है तथा बिना लाइसेंस व वर्दी के वाहन चालन को नियंत्रित करने हेतु समुचित कार्यवाही का आग्रह किया जा रहा है ।
इसी तारतम्य आज ड्राइवर महा संगठन जिला इकाई सक्ती के द्वारा संगठन के संरक्षक एवं उच्च न्यायालय अधिवक्ता चितरंजय पटेल के साथ जिलाध्यक्ष संतोष देवांगन, सुकलाल बंजारे सह सचिव, दिलकुमार सचिव, संतोष बरेठ, गोपाल बरेठ, रामलाल बंजारे कोमल कोसले आदि ड्राइवरों ने जिला कलेक्टर अमृत विकास तोपनो एवं पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा को ज्ञापन सोंपा, जिस पर अधिकारी द्वय ने संगठन के प्रयास की सराहना करते हुए प्रशासन स्तर पर समुचित कार्यवाही का आश्वासन दिया। इस अवसर पर अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने ड्राइवरों से लायसेंस युक्त एवं नशामुक्त रहकर वाहन चलाने का आग्रह किया ताकि दुर्घटना से बचा जा सके एवं विपरीत परिस्थितियों में भी आर्थिक क्षति नहीं उठानी पड़े।




