छत्तीसगढ़

जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक : कलेक्टर-एसपी ने यातायात व्यवस्था सुधारने आवश्यक कदम उठाने दिए दिशा निर्देश

मुख्य मार्ग पर बेतरतीब खड़ी वाहनों के विरूद्ध होगी कड़ी कार्रवाई

सक्ती। कलेक्टर श्रीमती नूपुर राशि पन्ना एवं पुलिस अधीक्षक एम आर आहिरे की अध्यक्षता में आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में जिले में यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए जरूरी उपायों पर विशेष रूप से चर्चा की गई। बैठक में आवश्यक मार्गों पर रेडियम रिफ्लेक्टर लगाने, खराब एवं गड्ढे युक्त सड़को को मरम्मत किए जाने, सड़क दुर्घटनाओं के कारणों के संबंध में चर्चा करते हुए अन्य विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा आवश्यक निर्देश दिये गये।

सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जिले के दुर्घटनाजन्य क्षेत्र में विशेष सांकेतिक चिन्ह लगाने, मोटर व्हीकल एक्ट का उल्लंघन करने पर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए। बैठक में पीडब्ल्यूडी को जिले के निर्माणधीन रोड में प्रगति लाकर जल्द से जल्द पूर्ण करने कहा गया। दुर्घटना वाले क्षेत्र, सड़क के आसपास तत्काल चिकित्सा सुविधा, एम्बुलेंस की सुविधा सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिये गये। दुर्घटना या यातायात नियमों का पालन नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश दिये गये। इसके साथ ही मुख्य मार्गों में बेतरतीब खड़े वाहनों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई करने कहा गया।

बैठक में अपर कलेक्टर बीरेन्द्र कुमार लकड़ा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्रीमती गायत्री सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी बी एल खरे, राकेश द्विवेदी (एसडीओ पीडल्यूडी), पीएमजीएसवाय, जिला चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी सूरज सिंह राठौर, यातायात विभाग, समस्त सीएमओ सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles