छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने पेश किया बजट….भाजपा ने सराहा तो कांग्रेस ने बताया निराशाजनक

सक्ती। राज्य की भाजपा सरकार के गठन के बाद से ही लोग नए बजट का बेसब्री से इंतजार कर रहे थे। भाजपा ने अपने विजन में जो बातें कहीं थीं, उसके क्रियान्वयन और अच्छे दिन आने की उम्मीद में लोग बेहद उत्सुकता के साथ इसका इंतजार कर रहे थे। शुक्रवार को छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने विधानसभा में एक लाख 47 हजार 500 करोड़ का बजट पेश किया, जिस पर मिली-जुली प्रतिक्रिया आई है। जहां भाजपा ने इसकी सराहना करते हुए इसे विकास के हित में बताया, वहीं कांग्रेस ने इसे बेहद निराशाजनक बताया। सक्ती जिले के भाजपाइयों ने जहां इस बजट की जी भर कर सराहना की है, वहीं कांग्रेस समेत अन्य विपक्षी दलों इसे निराशाजनक बताते हुए इसकी आलोचना भी की।
आज का बजट बिना टेक्स बढ़ाए एक्सटेंडेड होने के साथ ओ पी का वंडरफुल क्रिएशन है : अधिवक्ता चितरंजय पटेल
छत्तीसगढ़ सरकार का बजट बिना टेक्स बढ़ाए एक्सटेंडेड बजट होने के साथ ओ पी का वंडरफुल क्रिएशन है जिसके लिए सबको उसकी प्रशंसा करना चाहिए, यह बात उच्च न्यायालय अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने बजट पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए बताया कि यह बजट एक प्रशासनिक व्यक्ति का प्रथम सार्थक राजनीतिक प्रयास ही है जिससे प्रदेश में सकारात्मक विकास की दिशा तय होगी। आज वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने प्रस्तुत बजट में बिना कोई कर में वृद्धि किए बजट का आकार बढ़ा दिया है जो चमत्कार से कम नहीं है। यह बजट एक साल के पैसे का लेखा-जोखा नहीं है बल्कि भविष्य में प्रदेश की उन्नति की आधारशिला है।
युवाओं, महिलाओ और किसानों का भविष्य संवारने वाला बजट : कृष्णकांत चंद्रा
छत्तीसगढ़ विधानसभा में प्रस्तुत हुए बजट को लेकर प्रतिक्रिया देते हुए भारतीय जनता पार्टी सक्ती के जिलाध्यक्ष कृष्णकांत चंद्रा ने कहा यह बजट छत्तीसगढ़ की महिलाओ,युवाओं,किसानों के भविष्य को संवारने वाला बजट होगा।यह बजट छत्तीसगढ़ के विकास का एक संकल्प लेकर निश्चित लक्ष्य बता रहा है जिसमे राज्य की जीएसडीपी को 5 साल में दोगुना किया जाना है। भाजपा जिला अध्यक्ष सक्ती कृष्णकांत चंद्रा ने कहा यह बजट मोदी की गारंटी को पूरा करने वाला बजट है इस बजट में महतारी वंदन,किसानों को भुगतान,प्रधानमंत्री आवास, जल जीवन मिशन, श्री राम लला दर्शन, मुफ्त इलाज, भूमिहीन कृषि मजदूरों के लिए प्रावधान सहित मोदी की कई गारंटियो को पूरा करने प्रावधान किया गया है। जिलाध्यक्ष कृष्णकांत चंद्रा ने कहा यह बजट हर चुनौती को चुनौती दे रहा है। राज्य की आय बिना किसी पर कर का बोझ डाले 22 प्रतिशत बढ़ाने का लक्ष्य प्रशंसनीय है प्रदेश के हर क्षेत्र हर विभाग हर वर्ग के लिए बजट में प्रावधान किए गए हैं जिससे छत्तीसगढ़ के लोगो के जीवन में खुशहाली आएगी। यह बजट सही मायने में छत्तीसगढ़ के विकसित राज्य बनने के सपने को साकार करने के लिए मील का पत्थर साबित होगा।
राज्य सरकार द्वारा प्रस्तुत बजट से छत्तीसगढ के विकास को एक नई गति मिलेगी : खिलावन साहू
बजट विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण की नींव का पत्थर साबित होगा, छत्तीसगढ़ सरकार के, प्रदेश के हर तबके की तरक्की के इरादों को मजबूती देगा सक्ती के पूर्व विधायक खिलावन साहू ने कहा कि बजट 2024-25 छत्तीसगढ़ के सम्पूर्ण विकास का विजन दस्तावेज है जो छत्तीसगढ़ व छत्तीसगढ़ की जनता में विकास की गंगा बहाएगा। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में वंचितों और गरिबों को समर्पित प्रदेश की भाजपा सरकार मोदी की गांरटी यानी संकल्प पत्र में निहित हर वादे को पूरा कर छत्तीसगढ़ को विकास को नई उचांई पर पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।आज के बजट के माध्यम से प्रदेश के हर वर्ग-हर क्षेत्र का विकास सुनिश्चित करने का प्रयास होगा। भाजपा ज्ञान को छत्तीसगढ़ के विकास का केंन्द्र बिंदु माना है महिलाओं को प्राथमिकता देते हुए महिलाओं के लिये महतारी वंदन योजना के तहत 3000 करोड़, आंगनबाड़ी व पूरक पोषण के लिये 700 करोड़, प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के तहत 117 करोड़, मुख्यमंत्री कन्यादान योजना 38 करोड़ बेटी-बचाओं -पढ़ओं के लिये 8 करोड़, नोनी सुरक्षा योजना के तहत 25 करोड़ को बजट रखा गया है। शिक्षा क्षेत्र में छत्तीसगढ़ उच्च शिक्षा मिशन चलाया जाएगा जिसके तहत 160 आईटीआई का उन्न्यन, 59 हाई स्कूल और 40 हायर सेंकेडरी स्कूल भवन का निर्माण, रायपुर वि.वि में वाणिज्य एवं फेंरेसिक साइंस लागू किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि आदिवासी क्षेत्र बस्तर में 20 नवीन शिक्षण विभाग का निर्माण, साइंस सिटी के तहत कार्य किया जाएगा इसके साथ ही सूरजपूर,गरियांबद, कोंडागांव, सुकमा,बलरामपुर में जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान की स्थापना की जाएगी। पिछली सरकार के कार्यकाल में प्रधानमंत्री आवास योजना को बंद किया गया था उसे पुन: लागू किया जाएगा जिसके लिये 8 हजार 369 करोड़ का बजट रखा गया है, महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रमीण योजना गांरटी अधिनियम 2788 करोड़, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना अंतर्गत 841 करोड़, राष्ट्रीय ग्रामीण अजीविका योजना अंतर्गत 561 करोड़, ग्राम पंचायत में बिजली भुगतान के लिए अनुदान हेतु 500 करोड़, स्वच्छ भारत मिशन हेतु 400 करोड़, पीएम जनमन योजना हेतु 300 करोड़, मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना हेतु 94 करोड़, मुख्यमंत्री ग्राम गौरव पथ योजना हेतु 50 करोड़ का का प्रावधान है, हर घर निर्मल जल अभियान हेतु 4500 करोड़ का प्रावधान जिससे छत्तीसगढ़ के हर घर में नल से जल -आपूर्ति सुनिश्चित होगी।
स्वास्थ्य एवं चिकत्सा के क्षेत्र में आयुष्मान भारत प्रधानमंत्री जन आरोग्य योजना एवं शहीद वीर नारायण सिंह आयुष्मान स्वास्थ्य योजना 1526 करोड़ राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन 1821 करोड़, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र 788 करोड़, मेकाहारा का 1200 बिस्तर अस्पताल में उन्नयन एवं 700 बिस्तर अस्पताल भवन निर्माण, जिला स्वास्थ्य केंद्र सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र 584 करोड़, मितानिन कल्याण निधि हेतु 325 करोड़, सुपर स्पेशलिटी अस्पताल, अंबिकापुर, 50 करोड़, 05 नवीन जिलों में जिला अस्पताल की स्थापना, अस्पतालों का एनक्यूएएस प्रमाणन, बस्तर वि. वि. में 20 नवीन शिक्षण विभाग, छत्तीसगढ़ आयुर्विज्ञान संस्थान बिलासपुर के लिए नया भवन, ट्रामा सेंटर, राजनांदगांव, गरियाबंद, कवर्धा, रायगढ़, मुंगेली, बैकुण्ठपुर, जशपुर एवं नारायणपुर के जिला चिकित्सालय को आदर्श जिला चिकित्सालय में विकास 20 करोड़, मनेन्द्रगढ़ एवं कुनकुरी में 200 बिस्तर अस्पताल का निर्माण कराया जाएगा। इसके छत्तीसगढ के विकास को एक नई गति मिलेगी।
प्रदेश का राजस्व बढ़ाने वाला बजट : अनूप अग्रवाल
सक्ती नगर मंडल अध्यक्ष अनूप अग्रवाल (बीजेपी) ने अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए कहा कि छत्तीसगढ़ का वित्तीय वर्ष 2024-25 का बजट आने वाले कई वर्षों तक छत्तीसगढ़ के विकास की दिशा और दशा संवारने वाला बजट है। उन्होंने कहा कि यह बजट प्रदेश का राजस्व बढ़ाने वाला बजट है। इस बजट में कर का कोई नया प्रस्ताव नहीं है, न ही मौजूदा करों की दरों में वृद्धि का कोई प्रस्ताव है। यह बजट सभी वर्गों के समावेशी विकास को सुनिश्चित करने वाला और विकसित छत्तीसगढ़ के सपने को साकार करने वाला बजट है। अमृतकाल का छत्तीसगढ़ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण के लक्ष्य को हासिल करने में अग्रणी भूमिका निभाएगा।
छत्तीसगढ़ को देश के अग्रणी राज्यों में खड़ा करने वाला बजट : धनंजय नामदेव
सक्ती नगरपालिका के नेता प्रतिपक्ष एवम भाजपा जिला मीडिया प्रभारी धनंजय नामदेव ने प्रदेश सरकार के बजट को छत्तीसगढ़ की महतारीयो को समर्पित बजट बताते हुए कहा कि मातृशक्ति एवं नौनिहालों के विकास के लिए बजट में प्रावधान रखा गया है। प्रदेश की सभी विवाहित महिलाओं के लिए महतारी वंदन योजना अंतर्गत सभी पात्र महिलाओं को 12 हजार रूपये वार्षिक डी.बी.टी. के माध्यम से भुगतान किया जाएंगे। धनंजय नामदेव ने कहा कि स्वास्थ्य, पोषण एवं आत्मनिर्भरता में वृद्धि होगी। बजट में सक्षम आंगनबाड़ी केन्द्र एवं पूरक पोषण आहार हेतु 700 करोड़ का प्रावधान किया गया है। पूर्व से संचालित समान उद्देश्य वाली योजनाओं को समायोजित करते हुए 10 नवीन अम्ब्रेला योजना प्रारंभ की जायेगी। इसके लिए 628 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मातृ वंदन योजना के लिए 117 करोड़ का प्रावधान किया गया है। ग्राम पंचायतों में महिलाओं के विकास एवं सशक्तिकरण हेतु आयोजित होने वाले कार्यक्रमों के लिए महिला सदन का निर्माण किया जाएगा। इस हेतु 50 करोड़ का प्रावधान किया गया है। नगरपालिका सक्ती नेता प्रतिपक्ष एवम भाजपा जिला मीडिया प्रभारी धनंजय नामदेव ने प्रदेश सरकार की इस बात के लिए सराहना की है कि उसके पहले ही बजट में डबल इंजन सरकार का भाजपा का संकल्प साकार होता नजर आ रहा है। प्रदेश सरकार के बजट प्रावधानों का स्वागत करते हुए धनंजय नामदेव ने कहा कि इस बजट में डबल इंजन की सरकार की योजनाओं की झलक देखने को मिल रही है। प्रदेश में अधोसंरचना विकास को प्रोत्साहित करने के लिए 22,500 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। प्रदेश के सभी एयरपोर्ट में सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए 30 करोड़ रुपए का प्रावधान किया गया है। कटघोरा से डोंगरगढ़ रेल लाइन निर्माण को तीव्र गति से करने के लिए 300 करोड़ का प्रावधान किया गया है।
चुनाव में भाजपा की गारंटी बजट से गायब : सांसद ज्योत्सना महंत
कोरबा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती ज्योत्सना चरणदास महंत ने छत्तीसगढ़ के बजट पर कहा है कि यह एक लच्छेदार भाषण के जैसा ही है जिसमें शब्दों के जाल में जनता को उलझाने का काम हुआ है। वित्तमंत्री द्वारा प्रस्तुत बजट निराशाजनर्क है। इस बजट से छत्तीसगढ़ के विकास को कोई पंख नहीं लेगेंगे बल्कि व्यवसायियों तथा उद्योगपतियों के लिए लाभदायक होगा। ग्रामीण क्षेत्र के शिक्षित बेरोजगारों को रोजगार के लिए यह बजट सहायक नहीं है। ग्रामीण क्षेत्र की महिलाओं की आय बढ़ाने हेतु कोई प्रावधान नहीं किया गया है। वनोपजों के विदोहन, उनके प्रसंस्करण तथा वनवासियों की आय में वृद्धि करने हेतु इस बजट में कोई प्रावधान नहीं है। स्कूलों और कालेजों की संख्या में वृद्धि तथा भवनों का निर्माण की बात हुई है परन्तु रिक्त पदों को भरने का वादा बजट में नहीं दिखता। जीरो टॉलरेंस की बात करने वाली भाजपा की सरकार में लोक सेवकों के भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने के लिए कोई बात नहीं की गई है। अवैध नशीले पदार्थो पर अंकुश लगाने के लिए कोई प्रावधान नहीं है। सांसद ने कहा है कि विधानसभा चुनाव के वक्त भाजपा ने गारंटी की बात कही थी लेकिन घोषणा पत्र में उसकी कोई भी गारंटी कहीं भी नजर नहीं आ रही।
ओपी बजट निराशाजनक, इसमें गरीबों और आम लोगों के लिए कुछ भी नहीं : श्याम सुंदर अग्रवाल
जिला कांग्रेस कमेटी सक्ती के जिला उपाध्यक्ष एवं पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि यह बजट निराशाजनक है। यह कॉरपोरेट का हितैषी बजट है। इसमें गरीबों और आम लोगों के लिए कुछ भी नहीं है। उन्होंने कहा, प्रदेश के वित्त मंत्री ने अपनी वाहवाही की है और पहले की कांग्रेस सरकार को कमतर दिखाने की कोशिश की है। सदन में चर्चा के दौरान इसका विस्तृत जवाब दिया जाएगा।
राज्य की जनता को निराशा हाथ लगी : आनंद अग्रवाल
विधायक प्रतिनिधि आनंद अग्रवाल ने कहा कि बजट से राज्य की जनता को निराशा हाथ लगी है। क्योंकि इस बजट में ना तो युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए कोई अहम कदम उठाए गए हैं और ना आम जनता को महंगाई से कोई राहत मिल पाई है।




