छत्तीसगढ़

रंग-बिरंगी राखियों से सजेेगी भाइयों की कलाई….बहनों के मान-सम्मान की रक्षा का संकल्प लेगा हर भाई

 भाई-बहनों के पवित्र बंधन का उत्सव रक्षा बंधन पर्व आज, बाजार हुआ गुलजार, मंगलकामनाओं के साथ सज गए नगर के घर-द्वार

सक्ती। भाई-बहनों के पवित्र बंधन का उत्सव रक्षाबंधन का पर्व आज पूरे देश में प्रेम, उमंग और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। आज भाइयों की कलाई जहां बहनों की रंग बिरंगी राखियों से सजेंगी वहीं हर भाई अपनी बहन के मान-सम्मान की रक्षा का संकल्प भी लेगा।

रक्षाबंधन का पर्व 19 अगस्त सोमवार को प्रेम एवं स्नेह के साथ मनाया जाएगा। इसके पूर्व रविवार को शहर में सुबह से लेकर रात तक बाजार गुलजार रहा। गौरव पथ मार्ग पर सबसे ज्यादा भीड़भाड़ देखी गई। शहर में संचालित सभी होटलों और मिष्ठान्न दुकानों में सुबह से ही भारी भीड़ देखी जा रही थी। नगर के गौरव पथ मार्ग पर राखी की एक से बढक़र एक सुंदर कई दुकानें लगी है, दुकानों में एक से बढक़र एक रंग बिरंगी विभिन्न डिजाइनों में विभिन्न कलाकृतियों में राखियां उपलब्ध हैं जहां खरीदारी करने पहुंचे लोगों की सुबह से ही भीड़ देखी जा रही थी।

त्योहार के मद्देनजर होटल व्यवसायियों द्वारा विभिन्न प्रकार की एक से बढक़र एक स्वादिष्ट मिठाइयां बनाई गई है। मिठाइयां लेने शहर तथा ग्रामीण क्षेत्र के लोगों का यहां दिन भर आना जाना लगा रहा, जिससे गौरव पथ मार्ग में आज सुबह से ही यातायात प्रभावित रहा और कहीं कहीं जाम की स्थिति भी निर्मित हो गई, जिसे प्रशासन व यातायात विभाग द्वारा जल्द दुरूस्त कर लिया गया। इसके अलावा कपड़ा दुकानोंं, फल दुकानों,ब्यूटी पार्लर,फास्ट फूड सेंटर, चौपाटी सहित शहर का पूरा बाजार दिन भर गुलजार रहा।

Related Articles