भारत जोड़ो न्याय यात्रा : राहुल गांधी के अभूतपूर्व स्वागत की तैयारी पूरी, सड़कों व चौक चौराहों पर लगे भारत जोड़ो न्याय यात्रा के होडिंग, बैनर, झंडे से पटा शहर, चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात, जिला प्रशासन की टीम पूरी तरह एक्टिव मोड में

राहुल गांधी के आगमन को लेकर उनके गुजरने वाले मार्गों और कार्यक्रम स्थलों में किए गए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
सक्ती। जिले में 11 फरवरी को राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर तैयारी पूरी कर ली गयी है। नेता प्रतिपक्ष व सक्ती विधायक डॉ. चरणदास महंत के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं द्वारा राहुल गांधी का अभूतपूर्व स्वागत किया जाएगा। आज सुबह भारत जोड़ो न्याय यात्रा छग की को-आर्डिनेटर उषा नायडू ने भी कांग्रेस कार्यकताओं की बैठक लेकर न्याय यात्रा के तैयारियों की समीक्षा की। इसके पूर्व डॉ. महंत समेत अन्य प्रदेश स्तरीय नेता व कार्यकर्ता तैयारी का जायजा लेते रहे।
राहुल गांधी के आगमन को लेकर स्थानीय लोगों और कांग्रेंस समर्थकों में गजब का उत्साह देखने को मिल रहा है। राहुल गांधी को एक नजर देखने के लिए कई लोग बेताब दिखने लगे हैं। उधर राहुल गांधी के आगमन को लेकर जिला प्रशासन की टीम पूरी तरह एक्टिव मोड में है। राहुल के गुजरने वाले मार्गों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। चप्पे-चप्पे पर पुलिस बल तैनात किया गया है। यात्रा की तैयारी को लेकर कार्यकर्ता कई दिनों से खूब मेहनत कर रहे हैं। सड़कों व चौक चौराहों पर भारत जोड़ो न्याय यात्रा से जुड़े होडिंग, बैनर, झंडे लगवाए गए हैं। गौरव पथ मुख्य मार्ग इन झंडों, होडिंग व पोस्टर से पटे पड़े हैं। भारत जोड़ो न्याय यात्रा में हजारों लोगों के शामिल होने की खबर आ रही है।

सूत्रों के मुताबिक 11 फरवरी को राहुल गांधी के अलावा अन्य दिग्गज कांग्रेसी नेताओं का भी आगमन हो सकता है। उनकी सुरक्षा में जिला पुलिस बल भी तैनात रहेगी। कार्यक्रम स्थल के आस पास सुरक्षा व विधि व्यवस्था पूरी तरह चाक चौबंद रहेगा, ताकि कोई परिंदा पर नहीं मार सके। राहुल गांधी के सक्ती पहुंचने पर कांग्रेंस कार्यकर्ताओं के अलावा विभिन्न समाज के लोगों द्वारा उनका आत्मीय स्वागत किया जाएगा।





