छत्तीसगढ़

जागरूकता अभियान : यातायात नियमों का पालन कराने पुलिस ने चलाया अभियान, लोगों को दी समझाइश

सक्ती। जिले में ट्रैफिक नियमों के प्रति जागरूकता के लिए एसपी अंकिता शर्मा के दिशा निर्देश पर ट्रैफिक पुलिस ने जागरूकता अभियान शुरू किया है। आज यातायात शाखा प्रभारी निरीक्षक कमल किशोर महतो एवं यातायात स्टॉफ सक्ती द्वारा शहर के सभी बैंक के प्रबंधक, बैंको में लगे गार्ड एवं आम नागरिकों को बैंक के सामने वाहनों को व्यवस्थित रखने समझाईश देते हुए ट्रैफिक नियमों का पालन करने की समझाईश दी गई।

यातायात स्टाफ ने आम नागरिकों को वाहन से संबंधित सभी कागजात के महत्व को बताते हुए ड्राइविंग लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन, बीमा, फिटनेस, प्रदूषण कार्ड अपडेट रखने की सलाह दी। अक्सर देखा जाता है कि वाहन के जरूरी कागजात के अभाव में किसी भी प्रकार की सड़क दुर्घटना होने पर बीमा कंपनी मुआवजा देने से साफ इनकार कर देती हैं, जिससे पीडि़त व्यक्ति/परिवार को कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है।

जागरूकता अभियान के अंतर्गत वाहनों को रोड में न खड़ा करने, तीन सवारी वाहन न चलाने, शराब सेवन करके वाहन न चलाने, हेलमेट पहनकर वाहन चलाने, मोबाइल का उपयोग करते वाहन नहीं चलाने तथा नियंत्रित गति से वाहन चलाने की समझाईश दी गई। यातायात स्टाफ द्वारा जागरूकता अभियान के तहत घूम-घूमकर दुपहिया वाहन चालकों को अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनने, तीन सवारी नहीं चलने, चारपहिया वाहन चालकों को सीटबेल्ट पहनने, ओवर स्पीड में वाहन नहीं चलाने, शराब पीकर नशे की हालत में वाहन न चलाने, ओवर लोड माल/सवारी नहीं भरने, वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग नहीं करने व नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने न देने की समझाइश दी गई। इस दौरान यातायात मित्रों को बताया गया कि सड़क दुर्घटना होने पर तत्काल घायलों को अस्पताल पहुंचाएं एवं इसकी सूचना तत्काल पुलिस, 108 वाहन को देवें तथा यातायात नियमों का पालन करने व कराने में सहयोग करें।

Related Articles