छत्तीसगढ़

अलर्ट ! चोरी का माल खपाने वाले कबाडिय़ों पर होगी सख्त कार्रवाई…अब पीडि़तों की फरियाद न सुनने वाले थाना प्रभारियों पर गिरेगी गाज : एसपी अंकिता शर्मा

  • रिपोर्ट दर्ज न करने वाले पुलिस कर्मियों की हमें तत्काल दें सूचना : अंकिता शर्मा

  • नवपदस्थ एसपी की जिले में पहली पत्रकार वार्ता…

  • जिले में चोरी का माल खपाने वाले कबाड़ियों के विरुद्ध कार्रवाई, सट्टे, जुए और अवैध शराब विक्रय पर अंकुश लगाना तथा यातायात नियमों के प्रति जागरूकता हमारी पहली प्राथमिकता

  • महिलाओं की सुरक्षा के लिए चलाएंगे विशेष अभियान-अंकिता शर्मा

सक्ती। एसपी कार्यालय के सभागार में आज नवपदस्थ पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पहली पत्रकार वार्ता ली। उन्होंने कहा कि जिले में यातायात संचालन को बहाल करना, जुए, सट्टेबाजी एवं शराब के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। वे जल्द ही चोरी का माल कबाडिय़ों को बेचने वाले और उन्हें खपाने वाले कबाडिय़ों के विरूद्ध सख्त एक्शन लेंगी। उन्होंने कहा कि पीडि़तों की शिकायत न सुनने या रिपोर्ट दर्ज करने में आनाकानी करने वाले पुलिस कर्मियों की तत्काल सूचना हमें दें। उन्होंने बताया कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए जिले में विशेष अभियान चलाया जाएगा। उन्होंने आम नागरिकों एवं मीडिया से भी सहयोग की अपेक्षा जाहिर की, ताकि पुलिस विभाग और अधिक सक्रिय होकर अपनी जिम्मेदारी का निर्वहन कर सके।

खैरागढ़- छुई खदान- गंडई जिले से स्थानांतरित होकर जिले में आई भारतीय पुलिस सेवा 2018 की अधिकारी अंकिता शर्मा ने अपना पदभार ग्रहण करने के बाद जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय के सभागार में पहली पत्रकार वार्ता ली। पुलिस अधीक्षक ने अपना परिचय देते हुए बताया कि कि वे दुर्ग जिले के ग्रामीण इलाके से आई हैं तथा उन्होंने बस्तर ऑपरेशन सहित अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए कार्य किया है।

कबाडिय़ों की खैर नहीं

पत्रकारों द्वारा पूछे गए एक सवाल के जवाब में एसपी ने बताया कि कबाड़ का व्यापार करने वाले चोरी का माल खरीदने बेचने का काम करने से यदि बाज नहीं आ रहे हैं तो जल्द ही उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। 1 लाख से अधिक की चोरी के मामले में एफआईआर दर्ज न किए जाने के बारे में पूछे गए एक सवाल में जवाब में उन्होंने कहा कि चोरी जितने की भी होगी, एफआईआर दर्ज की जाएगी।

उन्होंने कहा कि सक्ती जिले में भी अपराध, सट्टे, जुए, अवैध शराब पर अंकुश लगाना उनकी पहली प्राथमिकता होगी। जिले में ट्रैफिक नियमों का पालन करवाना तथा यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने की दिशा में भी वे सबके सहयोग से कार्य करेंगी। पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने पत्रकारों के द्वारा पूछे गए सवालों का जवाब देते हुए कहा कि वे अब सक्ती जिले में भी प्राथमिकता के आधार पर पुलिस विभाग की मंशानुरुप कार्य करेंगी तथा आम नागरिकों का सहयोग एवं मीडिया का सहयोग भी उन्हें सकारात्मक रुप से मिलता रहे, जिससे वे पुलिस के कार्यों को और बेहतर बनाएंगी। एसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा के लिए अभिव्यक्ति एप सहित पुलिस विभाग द्वारा चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं से भी उन्हें जागरुक करते हुए समय-समय पर अभियान चलाएंगी।

जिले के सभी थाना क्षेत्र के अधिकारियों की बैठक लेकर उन्होंने अपने-अपने थाना क्षेत्र में थाना आने वाले पीडि़तों की समय पर एफआईआर दर्ज करने एवं उन्हें न्याय दिलाने की दिशा में भी सहयोग करने की बात कही। एसपी अंकिता शर्मा ने आगे कहा कि जिले के थाना क्षेत्र में यदि पुलिस के अधिकारी प्रार्थी एवं पीडि़त पक्ष द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर एफआईआर दर्ज नहीं करते हैं, तो वे तत्काल उन्हें सूचना करें या फोन के माध्यम से बताएं जिससे वे संबंधित थाना प्रभारी पर आवश्यक कार्रवाई करेंगी, वहीं एसपी अंकिता शर्मा ने कहा कि मीडिया की भूमिका अहम होती है एवं पुलिस विभाग के कार्यों में मीडिया अपना योगदान दे तथा समय-समय पर हमें अपराधों की जानकारी दें, जिससे हम और सक्रियता के साथ अपनी जिम्मेदारियो का निर्वहन कर सकें।

 

Related Articles