छत्तीसगढ़

खबर का असर : नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुषमा दादू जायसवाल की सराहनीय पहल, दूधिया रोशनी से नहाया सक्ती शहर, स्ट्रीट लाइट के जलने से नगरवासियों का उत्साह हुआ दुगुना

सक्ती। नवरात्र पर्व पर सक्तीवासियों को नगर पालिका का ‘गिफ्ट’ कहीं बन न जाए ‘नासूर’ शीर्षक से प्रकाशित खबर पर तत्काल संज्ञान लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष सुषमा दादू जाययवाल ने शहर की बंद पड़ी स्ट्रीट लाइटों को चालू करवाया जिससे पूरा शहर रोशन हो उठा।

विदित रहे कि नवरात्र पर्व शुरू होने के बावजूद शहर में अधिकांश स्थानों पर स्ट्रीट लाइटें खराब पड़ी थीं, जिससे राहगीरों के साथ-साथ श्रद्धालुओं को पंडालों तक आने जाने में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था। इस संबंध में जब सक्ती टॉप न्यूज के संपादक राहुल अग्रवाल ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी संजय सिंह को अवगत कराया तो उन्होंंने बाहर से लाइट आने के बाद व्यवस्था बहाल होने की बात कही थी, जिससे मामला ठंडे बस्ते में चला गया था लेकिन नगरवासियों को नवरात्र पर्व पर अंधकारमय गलियों से गुजरकर पंडालों तक पहुंचने में जो परेशानियां हो रही थीं, उस पर तत्काल संज्ञान लेते हुए और जनहित को ध्यान में रखते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुषमा दादू जायसवाल ने जो अनुकरणीय पहल की, उससे एक बार फिर नागरिकों में जनप्रतिनिधियों के प्रति विश्वास और बढ़ गया है।

इसके पूर्व भी उन्होंने शहर में संचालित दो अस्पतालों के बीच खुले नाले को ढंकने की पहल की थी। स्ट्रीट लाइटों के ठीक हो जाने से अब पूरा शहर दूधिया रोशनी से नहा रहा है। पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुषमा दादू जायसवाल के अलावा इस सराहनीय व जनहितैषी कार्य को शीघ्र पूर्ण कराने में वार्ड क्र. 05 के पार्षद महबूब खान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Related Articles