कांग्रेस का छत्तीसगढ़ बंद कल : सक्ती में हुई जिला पदाधिकारियों की बैठक में बनी कार्ययोजना, राज्य सरकार के खिलाफ खोलेंगे मोर्चा

सक्ती। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा 21 सितम्बर को छत्तीसगढ़ बंद के ऐलान के बाद आज मिले दिशा- निर्देश के आधार पर सक्ती में जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों की बैठक संपन्न हुई, जिसमें राज्य सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलने और आंदोलन करने की ठोस रणनीति तैयार की गई। हालांकि बंद का आयोजन शांतिपूर्ण तरीके से पदयात्रा करते हुए किया जाएगा, लेकिन कांग्रेसियों द्वारा आंदोलन के माध्यम से राज्य सरकार को दूरगामी संदेश भेजने की तैयारी पूरी कर ली गई है।
जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा 21 सितंबर को छत्तीसगढ़ बंद के आयोजन के लिए जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों की अति आवश्यक बैठक जिला कांग्रेस के उपाध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल के कार्यालय में आयोजित की गई। उक्त बैठक में यह तय किया गया कि 21 सितंबर को सुबह 9 बजे से सांकेतिक बंद करने हेतु कांग्रेस जनो के द्वारा अपील की जाएगी और राजा पारा चौक से समस्त कांग्रेस जन पदयात्रा करते हुए एवं दुकानों को बंद करते हुए अग्रसेन चौक पहुंचेंगे जहां भाजपा सरकार के खिलाफ आंदोलन करेंगे।
इस अवसर पर बैठक में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष त्रिलोकचंद जायसवाल जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल शहर कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के जिला अध्यक्ष भाई महबूब अल्पसंख्यक प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव तनवीर कुरेशी पिंटू ठाकुर एवं गिरधर जायसवाल कमलेश अग्रवाल उपस्थित रहे।




