छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ दुर्ग इकाई ने किया घायल पत्रकार से मुलाकात, सक्ती जिला इकाई के अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल ने की कड़ी कार्रवाई की मांग

दुर्ग/सेलुद/सक्ती। छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ की दुर्ग इकाई के सदस्य आज सेलुद में घायल पत्रकार किशन हिरवानी से मिले और उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली। पत्रकार हिरवानी पर हुए हमले को संघ के सदस्यों ने बेहद गंभीर और दर्दनाक बताया, वहीं श्रमजीवी पत्रकार संघ की सक्ती जिला इकाई के अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल ने भी आरोपियों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए उक्त घटनाक्रम की घोर निंदा की है।
अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल ने कहा कि पत्रकारों पर इस तरह हो रहे हमले से असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। उन्होंने मीडिया कर्मी सुरक्षा कानून में पुर्नविचार की मांग भी रखी। पत्रकार किशन हिरवानी और उनकी धर्मपत्नी ने बताया कि पास के गांव के पांच लडक़े अचानक उनके स्टूडियो में घुस आए और बेड से उनके सिर पर जानलेवा हमला किया। किसी तरह बचाव करते हुए किशन बाहर निकले, लेकिन हमलावरों ने बाहर भी उन पर हमला जारी रखा। स्थानीय लोगों के घटनास्थल पर पहुंचने के बाद आरोपी भाग निकले। इस हमले के बाद से किशन का पूरा परिवार भयभीत है।
संघ की मांग
किशन हिरवानी ने छत्तीसगढ़ श्रमजीवी पत्रकार संघ के सदस्यों से निवेदन किया कि दुर्ग एसपी, आईजी, और गृहमंत्री से सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जाए। किशन की पत्नी ने बताया कि घटना का मास्टरमाइंड गांव का ही एक व्यक्ति है, जो अब तक पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।
संघ की बैठक
संघ के प्रदेश सलाहकार राफेल थॉमस, जिला अध्यक्ष ललित साहू, जिला सचिव मनोज देवांगन, और कार्यकारिणी सदस्य हामिद खान ने पीडि़त परिवार से मुलाकात कर घटना पर विस्तृत चर्चा की। संघ ने रविवार शाम 5 बजे आवश्यक बैठक बुलाई है, जिसमें जिले के सभी पदाधिकारी शामिल होंगे। बैठक में सोमवार को दुर्ग एसपी और आईजी को ज्ञापन सौंपने की रणनीति पर चर्चा होगी।




