पूर्व विधायक डॉ. खिलावन साहू ने स्वास्थ्य मंत्री श्यामबिहारी जायसवाल से मिलकर जिले में नर्सिंग महाविद्यालय, ट्रामा सेंटर खोलने सहित स्वास्थ्य सुविधाओं में बढ़ोत्तरी की रखी मांग

सक्ती। सक्ती विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश भारतीय जनता पार्टी पिछड़ा वर्ग मोर्चा के महामंत्री डॉ. खिलावन साहू ने स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मुलाकात कर उन्हें शक्ति विधानसभा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में विभिन्न मांगों का मांग पत्र सौपा है। पूर्व विधायक डॉक्टर खिलावन साहू ने स्वास्थ्य मंत्री से भेंट में बताया कि नवनिर्मित सक्ती जिले में स्वास्थ्य सुविधाओं की बढ़ोतरी के साथ-साथ एक नर्सिंग महाविद्यालय एवं ट्रामा सेंटर की नितांत आवश्यकता है।
मांग पत्र में शहर में करीब 8 करोड़ की लागत से बने हुए 50 बिस्तर वाले मातृ एवं शिशु अस्पताल को 100 बिस्तरों का करने, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी जिला शक्ति के कार्यालय हेतु भी 2 करोड रुपए की स्वीकृति, बाराद्वार में पीएचसी का सीएचसी के रूप उन्नयन, मिनी पीएचसी शक्ति विधानसभा क्षेत्र के सिवनी, कुसमुंडा, कमरीद, चोरिया, झरना, किरारी एवं सिंघनसरा का उन्नयन कर पीएचसी के रूप में तथा सकरेली कला में नवीन प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खोलने की मांग शामिल है।
पूर्व विधायक डॉ. साहू की मांग पर स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आवश्यक पहल करने का भी आश्वासन दिया है,साथ ही पूर्व विधायक डॉ. खिलावन ने स्वास्थ्य मंत्री को जिले में आने का न्योता भी दिया है, उनसे विस्तार पूर्वक स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर चर्चा भी की, साथ ही छत्तीसगढ़ शासन स्वास्थ्य विभाग द्वारा चलाई जा रही स्वास्थ्य संबंधी जन कल्याणकारी योजनाओं के लिए भी उनका आभार व्यक्त किया गया। विदित रहे कि सक्ती विधानसभा क्षेत्र के पूर्व विधायक डॉक्टर खिलावन साहू सक्रिय रूप से क्षेत्र की जनता के छोटे-छोटे कामो तथा जन सुविधाओं के लिए निरंतर प्रयास रहते हैं एवं उनके विधायक रहते हुए सक्ती विधानसभा क्षेत्र को विकास के मामले में काफी बड़ी सौगातें मिली थी।




