छत्तीसगढ़

भारत जोड़ो न्याय यात्रा : डॉ. महंत के गढ़ में राहुल गांधी का 11 फरवरी को जगह-जगह होगा आतिशी स्वागत, पूर्व नपा अध्यक्ष व जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल व विधायक प्रतिनिधि आनंद अग्रवाल के नेतृत्व में बैनर-पोस्टरों से पटा शहर

 सक्ती। विधानसभा नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत का गढ़ माने जाने सक्ती शहर में कांग्रेस नेता राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। 11 फरवरी को अपने काफिले के साथ सक्ती पहुंचने पर राहुल गांधी का जगह-जगह आत्मीय स्वागत किया जाएगा। डॉ. महंत के करीबी माने-जाने वाले पूर्व नपा अध्यक्ष व जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल व विधायक प्रतिनिधि आनंद अग्रवाल के नेतृत्व में पूरे शहर को बैनर-पोस्टरों से पाट दिया गया है। सक्ती पहुंचने के उपरांत राहुल गांधी कसेरपारा से पदयात्रा करते हुए अग्रसेन चौक पहुंचेंगे, जहां वे विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे।

भारत जोड़ो न्याय यात्रा प्रदेश में 536 किमी की दूर तय करते हुए 67 दिनों में राज्य के 7 जिलों से होकर गुजरेगी। राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा 11 फरवरी को सक्ती जिले से शुरू होगी। इस संबंध में पूर्व नपा अध्यक्ष व जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल व विधायक प्रतिनिधि आनंद अग्रवाल ने संयुक्त रूप से जानकारी देेते हुए बताया कि सक्ती जिले में राहुल गांधी और भारत जोड़ो न्याय यात्रा का भव्य ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा। भुखमरी, महंगाई, बेरोजगारी, किसानों की बदहाली, सांप्रदायिक द्वेष के दौर में राहुल गांधी की न्याय पदयात्रा लोगों के जख्मों में मरहम साबित होगी। उन्होंने कहा कि सक्ती जिले से होकर इस यात्रा का गुजरना हमारे लिए गौरव का विषय है। छत्तीसगढ़ में यह यात्रा राज्य के 7 जिलों से होकर गुजरेगी तथा 536 किलोमीटर 5 दिनों तक राहुल गांधी छत्तीसगढ़ में रहेंगे। 14 जनवरी 2024 को मणिपुर से मुंबई तक शुरु हुई यह न्याय यात्रा 67 दिनों में 110 जिलों से गुजरते हुये 6700 किलोमीटर से ज्यादा दूरी तय करेगी। छत्तीसगढ़ में यह यात्रा राज्य के 7 जिलों से होकर गुजरेगी तथा 536 किलोमीटर 5 दिनों तक राहुल गांधी छत्तीसगढ़ में यात्रा करेंगे।

नेता प्रतिपक्ष डॉ. महंत के मार्गदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता करेंगे राहुल का ऐतिहासिक स्वागत

नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत के मार्गदर्शन में कांग्रेस कार्यकर्ता भारत जोड़ो न्याय यात्रा के पहुंचने और सक्ती की धरा पर राहुल गांधी के कदम रखते ही भव्य ऐतिहासिक स्वागत करेंगे। जिला कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि देश की एकता, अखण्डता, संविधान और लोकतंत्र की रक्षा के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है। जनाधिकार की लड़ाई लडऩे के लिए कांग्रेस पार्टी आजादी के पहले से ही सत्याग्रह को एक मजबूत हथियार मानती है और भारत जोड़ो न्याय पदयात्रा आजादी के बाद देश का सबसे विशाल और परिवर्तक सत्याग्रह साबित होगा।

विधायक प्रतिनिधि आनंद अग्रवाल ने कहा कि राष्ट्रपिता महात्मा गांधी सहित कांग्रेस पार्टी के कई नेताओं ने देश में सत्याग्रह के द्वारा जनता के महत्वपूर्ण मसलों को हल किया है। यह सत्याग्रह उस विचारधारा को उखाड़ फेंकेगा जो मृत्यु के समय भी राम का नाम लेने वाले राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हत्यारे को आदर्श मानता है। आज बर्बादी और वैमनस्यता की ओर बढ़ते देश को भारत जोड़ो जैसे पदयात्रा की जरुरत है।

Related Articles