
-
बच्चो के भविष्य के प्रति विद्यालय परिवार के साथ अभिभावकों की महती जिम्मेदारी: गायत्री सिंह
-
माता पिता अपने बच्चों के भीतर बड़े लक्ष्य को हासिल करने हेतु आत्मविश्वास पैदा करें : चितरंजय पटेल
सक्ती. नव जागृति शिक्षण समिति डुमरपारा द्वारा संचालित ग्राम्य भारती सरस्वती शिशु मंदिर विद्यालय डूमरपारा में आज वार्षिकोत्सव 2024 का आयोजन किया गया । इस अवसर पर कार्यक्रम का शुभारभ अभ्यागतों के द्वारा सरस्वती माता, मां भारती के चित्र पर माल्यार्पण एवम् दीप प्रज्वलन कर किया गया ।
कार्यक्रम के मुख्य अभ्यागत एवम अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक गायत्री सिंह ने बच्चों से चर्चा करते हुए कहा कि बच्चों के भविष्य निर्माण को लेकर विद्यालय परिवार के साथ ही अभिभावकों की महती जिम्मेदारी है तो वहीं विशिष्ट अभ्यागत एवम छत्तीसगढ़ अशासकीय विद्यालय प्रबंधक कल्याण संघ के प्रदेश अध्यक्ष अधिवक्ता चितरंजय पटेल ने आयोजन की तारीफ करते हुए कहा कि माता पिता अपने बच्चों के भविष्य को लेकर उन्हें ऊंचे सपने दिखाएं ताकि बच्चों के भीतर बड़े लक्ष्य को भी हासिल कर लेने का आत्मविश्वास पैदा हो और जीवन में सफलता प्राप्त कर सकें।
इन पलों में मंचस्थ अभ्यागत अधिवक्ता संतोष यादव, केआर राठौर, रोशन लाल पटेल (सेवानिवृत कृषि अधिकारी), स्कूल संचालक दुलीचंद साहू, सरोजदास महंत, बी डी चौहान आदि स्कूल संचालकों ने भी अपने संबोधन में आयोजन की प्रशंसा करते हुए विद्यालय के उत्तरोत्तर प्रगति की कामना की, वहीँ विद्यालय प्रबंध समिति के पदाधिकारी, आचार्य परिवार व भैया बहन ने अभ्यागतों को अपने बीच पाकर प्रसन्नता व्यक्त की.
आज विद्यालय परिवार की ओर से अभ्यागतों को माल्यार्पण के साथ श्रीफल देकर सम्मानित किया गया तथा प्रधानाचार्य फूलकुमारी ने आभार प्रदर्शन किया तो वहीं अतिथियों का चंदन तिलक से स्वागत आचार्य परिवार ने किया। आज बच्चों ने शानदार प्रस्तुति से अभिभावकों के साथ ही अभ्यागतों का मन मोह लिया।




