एल्डरमैन शपथ समारोह के बैनर से सीएम-डिप्टी सीएम की तस्वीर गायब, भाजपा नेता चिराग अग्रवाल ने उठाए सवाल


सक्ती। नगर पालिका परिषद सक्ती में 14 जुलाई को आयोजित नामांकित एल्डरमैन शपथ ग्रहण समारोह के बैनर को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। समारोह के दौरान लगाए गए आधिकारिक बैनर में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और उपमुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन मंत्री अरुण साव की तस्वीर नहीं होने पर भाजपा नेता चिराग अग्रवाल ने सोशल मीडिया के माध्यम से कड़ा विरोध दर्ज कराया।
चिराग अग्रवाल ने सोशल मीडिया पोस्ट में इसे गंभीर प्रशासनिक चूक बताते हुए कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री और नगरीय प्रशासन मंत्री की तस्वीर का बैनर से गायब होना स्वीकार्य नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर पालिका में अभी भी “अधिकारी राज” हावी है और भाजपा नेतृत्व की उपेक्षा की जा रही है। उन्होंने कहा कि “हमारे शीर्ष नेताओं का अपमान किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।”
गौरतलब है कि 14 जुलाई की शाम 4 बजे नगर पालिका सभा कक्ष में नामांकित एल्डरमैन के शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया गया था। कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष टिकेश्वर गबेल मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थे। वहीं प्रदेश मंत्री विद्या सिद्धार, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष रामअवतार अग्रवाल, वरिष्ठ भाजपा नेता मांगेराम अग्रवाल, प्रेम पटेल सहित भाजपा के अनेक जनप्रतिनिधि, पार्षद और कार्यकर्ता समारोह में मौजूद रहे।
समारोह संपन्न होने के बाद बैनर की तस्वीरें सोशल मीडिया पर वायरल हुईं, जिनमें मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री की तस्वीर नहीं होने पर राजनीतिक हलकों में चर्चा शुरू हो गई। भाजपा नेता चिराग अग्रवाल के विरोध के बाद यह मामला अब नगर पालिका की कार्यप्रणाली और अधिकारियों की जिम्मेदारी पर भी सवाल खड़े कर रहा है।
हालांकि, इस संबंध में नगर पालिका प्रशासन की ओर से समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।



