छत्तीसगढ़


जिला प्रशासन–पुलिस प्रशासन की हाईलेवल बैठक, कानून-व्यवस्था मजबूत करने बनाए गए अहम प्लान



सक्ती, 18 नवंबर 2025 // जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन एवं पुलिस प्रशासन की संयुक्त बैठक आज कलेक्ट्रेट कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो और पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर ने की।

बैठक के दौरान जिले में सुरक्षा व्यवस्था, ट्रैफिक प्रबंधन, पर्व-त्योहारों के दौरान भीड़ नियंत्रण, अपराध नियंत्रण, निगरानी तंत्र को सशक्त बनाने सहित कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विस्तृत चर्चा की गई।

कलेक्टर ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश सहित जिले में धान खरीदी महाअभियान संचालित है, ऐसे में सभी धान खरीदी केंद्रों में शांतिपूर्ण ढंग से खरीदी कार्य हो—यह सुनिश्चित करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी राजस्व और पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी केंद्र पर किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति न उत्पन्न हो, इसके लिए सतर्कता व समन्वय बनाए रखें।

कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कानून-व्यवस्था से संबंधित मामलों पर त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही राजस्व तथा पुलिस विभाग के बीच बेहतर समन्वय पर विशेष जोर दिया।

पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर ने जिले में कानून-व्यवस्था की वर्तमान स्थिति की विस्तृत जानकारी प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि जहां भी पुलिस बल की आवश्यकता होगी, विभाग तत्परता से पहुंचकर पूरा सहयोग करेगा।
उन्होंने बताया कि अपराध नियंत्रण, पेट्रोलिंग व्यवस्था, सायबर अपराध रोकथाम तथा महिला सुरक्षा के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त सतर्कता के साथ आवश्यकतानुसार अतिरिक्त बल भी तैनात किया जाएगा।

बैठक में कलेक्टर और पुलिस अधीक्षक ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे संयुक्त रूप से कार्य करते हुए जिले में कानून एवं शांति व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए प्रतिबद्ध रहें।

बैठक में अपर कलेक्टर श्री बीरेंद्र लकड़ा, अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम, अपर कलेक्टर श्री के एस पैंकरा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री हरीश यादव, सभी एसडीएम, तहसीलदार, एसडीओपी, टीआई, अन्य पुलिस अधिकारियों सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply