नगर में 1701 दीपों से विद्यालय के बच्चे बनाएंगे श्रीराम मंदिर, 10 मीटर चौड़ी और 7.2 मीटर लंबी रंगोली में दिखेगी भगवान राम, लक्ष्मण, सीता और हनुमान के अयोध्या लौटने की दिव्य झलक

प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे देश में जश्न का माहौल
सक्ती (सक्ती टॉप न्यूज)। अयोध्या में 22 जनवरी को मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे देश में उत्साह और जश्न का माहौल शुरू हो चुका है। 22 जनवरी (सोमवार) को आयोजित होने जा रहे इस कार्यक्रम में साधु-संतों, नेताओं, खिलाडिय़ों समेत कई हस्तियों को आमंत्रित किया गया है। अयोध्या में रामलला की प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही सक्ती नगर के मंदिरों में भी धार्मिक कार्यक्रमों और साज सज्जा का सिलसिला शुरू हो गया है। प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व नगर में संचालित विभिन्न विद्यालय के 11 बच्चों द्वारा स्कूल कैम्पस में मौजूद प्ले ग्राउंड में 1701 दीपों को सजाकर प्रभु श्रीराम जी का मंदिर बनाया जाएगा, साथ ही प्रभु श्रीराम की एक भव्य रंगोली बनाने की तैयारी पूरी कर ली गई है। इस रंगोली की खासियत यह है कि इसकी लंबाई 7.2 मीटर और चौड़ाई 10 मीटर है। रंगोली में वनवास के बाद अयोध्या लौटते हुए प्रभु श्रीराम के साथ-साथ लक्ष्मण, सीता माता व हनुमान आदि को भी देखा जा सकता है। स्वामी आत्मानंद विद्यालय, सत्य विद्या ज्वेलर्स के सामने, सक्ती में शाम 7 बजे उक्त कार्यक्रम का आयोजन किया गया है।
निमेश साहू, समिधा पटेल, खुशी अग्रवाल, सुनहरी देवांगन, रोमा देवांगन, आस्था देवांगन, पूर्वी गवेल, प्रखर पटेल, अंश देवांगन और लव राजपूत ने बताया कि उनके द्वारा 1701 दीपों से बनाए जा रहे श्रीराम मंदिर व भव्य रंगोली में प्रभु श्रीराम के प्रति उनकी आस्था सन्निहित है, जिसे प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव के अवसर पर वे भव्य और आकर्षक रूप प्रदान करेंगे और प्रभु श्रीराम को समर्पित करेंगे।
निमेश देवांगन ने सक्ती टॉप न्यूज से कहा कि हजारों सनातनियों के बलिदान और 500 वर्षों के संघर्षों के बाद अयोध्या में भव्य श्री राम मंदिर का निर्माण हो रहा है। अयोध्या में मंदिर निर्माण हिंदू समाज के लिए निश्चित ही बड़े गर्व की बात है।




