छत्तीसगढ़

रामलला के स्वागत के लिए सज गया बाराद्वार…हर जगह दिख रही भगवान राम की तस्वीर

 रामजानकी मंदिर से निकलेगी शोभायात्रा, देर रात तक होगा श्रीराम रसोई का आयोजन

बाराद्वार। अयोध्या में 22 जनवरी को रामलला का प्राण-प्रतिष्ठा समारोह होना है। इसे उत्सव के रूप में मनाने के लिए नगर पंचायत बाराद्वार में भी तैयारी पूरी कर ली गई है। यहां के मंदिर सजकर पूरी तरह तैयार है। शाम से शहर के बाजार रोशनी से जगमग हो रहे है। वहीं घर-घर दीपदान शुरू हो चुका है। यहां मारवाड़ी धर्मशाला के पास स्थित रामजानकी मंदिर में 22 जनवरी को पूजा अनुष्ठान, भजन समेत भक्तिमय सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। शोभा यात्रा भी निकाली जाएगी, जिसकी तैयारी पूरी कर ली गई है। भगवान राम के प्रति भक्ति भाव ऐसा है कि भव्य मंदिर की तस्वीर विजिटिंग कार्ड, बैनर, पोस्टर, कैलेंडर पर साफ देखी जा सकती है। शहर में पोस्टर लगाने वालों ने किसी न किसी तरह से राम मंदिर का चित्रण किया है।

बाराद्वार में सोमवार को अयोध्या में रामलला के मंदिर की प्राण प्रतिष्ठा के कार्यक्रम के पूर्व राम भक्ति का अभूतपूर्व माहौल नजर आया। सुबह मंदिर में हनुमान चालीसा और शाम को रामरक्षा स्त्रोत का पाठ किया गया। बाराद्वार में आयोजित किए जाने वाले कार्यक्रमों की जानकारी देते हुए रामलला महोत्सव समिति के संयोजक रमेश सिंघानिया, सह संयोजक धु्रव अग्रवाल, सह संयोजकद्वय अंजनी जिंदल और जयकिशन केडिया ने बताया कि सोमवार 22 जनवरी को सायं 3.30 बजे धर्मशाला के पास स्थित रामजानकी मंदिर से शोभायात्रा निकाली जाएगी, जो कन्या शाला होते हुए पुराना थाना से अग्रसेन चौक होते हुए मोदी चौक, नेहरू चौक के बाद बस स्टैण्ड के बाद काली बाड़ी होकर रामजानकी मंदिर तक पहुंचेगी। शाम 6 बजे प्रभु श्रीराम की महाआरती की जाएगी, इसके उपरांत सुंदरकांड का पाठ शाम 6.30 बजे होगा। तत्पश्चात् श्री राम रसोई का आयोजन रात्रि 8 बजे से अन्नपूर्णा गुलाब मंदिर के पास किया गया है।

कार्यक्रम में जावेद धुमाल पार्टी, विशाल रथ, साउंड सिस्टम आकर्षण का केंद्र रहेंगे वहीं पूरे कार्यक्रम की ड्रोन कैमरे से शूटिंग की जाएगी। समिति के पदाधिकारियों ने भव्य आतिशबाजी और लाइटिंग से पूरे क्षेत्र को रोशन करने और दीपावली की तरह इस दिन को मनाने नगरवासियों से अपील की है।

Related Articles