
आरोपी वाहन चालक फरार, जांच में जुटी पुलिस
सक्ती। एक तेज रफ्तार बोलेरो वाहन की ठोकर से जैजैपुर विधानसभा क्षेत्र के कांग्रेस नेता रामेश्वर वैष्णव की मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर अज्ञात वाहन चालक मौके से फरार हो गया। सक्ती पुलिस ने जहां मामले में मर्ग कायम करते हुए अज्ञात वाहन चालक के विरूद्ध अपराध दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है, वहीं रामेश्वर वैष्णव की मौत की खबर मिलते ही कांग्रेसी नेताओं, कार्यकर्ताओं समेत पूरे जिले में शोक की लहर व्याप्त हो गई है।
जानकारी के अनुसार जैजैपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम सेंदुरस निवासी कांग्रेस नेता रामेश्वर वैष्णव, 32 वर्ष, रवि फसल के लिए नहर से पानी छोड़े जाने की मांग को लेकर सक्ती कलेक्टर को ज्ञापन सौंपने गए थे। बाइक से लौटते समय पेट्रोल टंकी के समीप एक अज्ञात बोलेरो के चालक ने तेजी एवं लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें जबर्दस्त ठोकर मार दी। इस घटना में गंभीर रूप से आहत रामेश्वर वैष्णव को जिला अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। सिर पर संघातिक चोटें आने के कारण उनकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देकर आरोपी बोलेरो चालक मौके से फरार हो गया। सक्ती पुलिस ने मर्ग कायम कर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया है और फरार बोलेरो ड्राइवर की पतासाजी की जा रही है।
जिले में शोक की लहर
रामेश्वर वैष्णव के निधन का समाचार मिलते ही कांग्रेसी नेताओं, कार्यकर्ताओं समेत पूरे जिले में शोक की लहर दौड़ गई है। उल्लेखनीय है कि रामेश्वर वैष्णव कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं जैजैपुर विधायक के बहुत करीबी माने जाते रहे हैं। रामेश्वर वैष्णव काफी मिलनसार और सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के साथ-साथ, प्रभावशाली, दृढ़ व्यक्तित्व के धनी, मृदुभाषी तथा ओजस्वी वक्ता भी थे, जिसके कारण पूरे जैजैपुर क्षेत्र में इन्हें काफी सम्मान भी मिलता था।




