सक्ती में नशे का जाल: गांजा और नशीली दवाइयों की गिरफ्त में युवा पीढ़ी
अवैध मादक पदार्थों की बिक्री पर सख्त कार्रवाई की मांग, पुलिस अधीक्षक से विशेष अभियान चलाने की अपील


सक्ती नगर सहित जिले के विभिन्न वार्डों और ग्रामीण क्षेत्रों में गांजा, नशीली दवाईयों के सिरप एवं अन्य मादक पदार्थों का अवैध कारोबार तेजी से फैलता जा रहा है। हालात यह हैं कि नई युवा पीढ़ी धीरे-धीरे नशे की गिरफ्त में पहुंचती जा रही है, जिससे उनका भविष्य अंधकारमय होने लगा है। नशे की लत के कारण आए दिन विवाद, मारपीट और असामाजिक घटनाओं में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है, जिससे आम लोगों में चिंता का माहौल बना हुआ है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर के कई क्षेत्रों में खुलेआम गांजा और नशीली दवाइयों की बिक्री हो रही है, लेकिन इस पर प्रभावी रोक नहीं लग पा रही है। सबसे ज्यादा चिंता की बात यह है कि स्कूल और कॉलेज के छात्र भी इसकी चपेट में आते जा रहे हैं। अभिभावकों ने इसे समाज और आने वाले भविष्य के लिए गंभीर खतरा बताया है।
आम जनता ने सक्ती जिले के पुलिस अधीक्षक से मांग की है कि पूरे जिले में विशेष अभियान चलाकर मादक पदार्थों के अवैध कारोबार पर सख्ती से रोक लगाई जाए। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कठोर कार्रवाई नहीं की गई तो युवा पीढ़ी का भविष्य संकट में पड़ सकता है। नागरिकों ने पुलिस प्रशासन से नियमित जांच अभियान, संदिग्ध स्थानों पर छापेमारी एवं दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है, ताकि जिले को नशा मुक्त बनाकर युवाओं का भविष्य सुरक्षित किया जा सके।




