छत्तीसगढ़

सक्ती में सनसनी: सीसीटीवी में कैद हुई बाइक में आगजनी की घटना, असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद



सक्ती – सक्ती नगर के श्री राम मंदिर रोड स्थित वार्ड क्रमांक 7 में घर के सामने खड़ी बाइक को पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने की घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। यह पूरी वारदात रात्रि लगभग 2 बजे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। फुटेज में दो अज्ञात युवक घटना से पहले कई बार मोहल्ले में घूमते और रेकी करते दिखाई दे रहे हैं। इसके बाद उन्होंने सुनियोजित तरीके से बाइक में पेट्रोल डालकर आग लगा दी, जिससे बाइक पूरी तरह जलकर खाक हो गई।

घटना के बाद मोहल्लेवासियों में भारी आक्रोश और भय का माहौल है। लोगों का कहना है कि इस प्रकार की घटना पहली बार सामने आई है, जिससे अब आम नागरिक अपने वाहनों और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। रहवासियों का मानना है कि आज बाइक को निशाना बनाया गया है, कल कोई बड़ी वारदात भी हो सकती है।

अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि आखिर पुलिस प्रशासन इन असामाजिक तत्वों पर कब तक कार्रवाई करता है। जबकि सक्ती जिला मुख्यालय में रात्रि गश्त के लिए 10 नगर सैनिकों की ड्यूटी लगाई गई है, उसके बावजूद इस तरह की घटना होना पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े कर रहा है। असामाजिक तत्वों के बढ़ते हौसले पुलिस प्रशासन के लिए बड़ी चुनौती बनते जा रहे हैं।

स्थानीय लोगों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की जल्द पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाए तथा कड़ी कार्रवाई की जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो और आम जनता में सुरक्षा का विश्वास कायम रह सके।

Related Articles

Leave a Reply