छत्तीसगढ़

खबर का असर: ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने खुद मैदान में सदलबल उतरे एसपी प्रफुल्ल ठाकुर,, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल


सक्ती। शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रशासन अब पूरी तरह एक्शन मोड में नजर आ रहा है। लगातार सामने आ रही समस्याओं और मीडिया में प्रकाशित खबरों के बाद बुधवार की शाम जिले के पुलिस अधीक्षक स्वयं मैदान में उतरकर हालात का जायजा लेते दिखाई दिए।
इस दौरान एसपी (IPS) प्रफुल्ल ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल,अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल, एसडीओपी भुवनेश्वरी पैकरा, नगर निरीक्षक लखन पटेल, ट्रैफिक इंस्पेक्टर वाय. एन. शर्मा,  सहित पुलिस विभाग के कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।
अधिकारियों ने करीब 2 घंटे तक मौके पर खड़े होकर ट्रैफिक व्यवस्था का निरीक्षण किया और जाम की स्थिति को समझा। निरीक्षण के दौरान ट्रैफिक सुधार को लेकर कई अहम निर्णय लिए गए।
नगर पालिका अध्यक्ष श्यामसुंदर अग्रवाल ने बताया कि आने वाले समय में मालखरौदा बस स्टैंड से झूलकदम जाने वाले मार्ग का चौड़ीकरण किया जाएगा। उनका कहना है कि सड़क चौड़ी होने के बाद यातायात व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।
वहीं एसपी प्रफुल्ल ठाकुर ने जानकारी दी कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने के लिए झूलकदम की ओर से आने वाले चार पहिया एवं बड़े वाहनों को वन-वे किया जाएगा। ये वाहन गायत्री मंदिर के पास से शनि मंदिर होते हुए डायवर्ट किए जाएंगे, जबकि अग्रसेन चौक से झूलकदम तक का मार्ग भी वन-वे रहेगा, जहां केवल अग्रसेन चौक की ओर से ही वाहनों की आवाजाही होगी।
प्रशासन ने यह भी निर्णय लिया है कि आने वाले दिनों में शहर के जनप्रतिनिधियों से चर्चा कर इन बदलावों को स्थायी रूप से लागू किया जाएगा। गौरतलब है कि जिला मुख्यालय होने के कारण शहर में दिनभर छोटे-बड़े वाहनों का दबाव बना रहता है, जिससे अग्रसेन चौक और झूलकदम रोड पर रोजाना जाम की स्थिति निर्मित होती है।
अग्रसेन चौक में लगने वाले जाम से खासकर रेलवे स्टेशन की ओर आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है। ऐसे में पुलिस प्रशासन और नगर पालिका की इस संयुक्त पहल से उम्मीद जताई जा रही है कि आने वाले दिनों में शहर की ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा सुधार देखने को मिलेगा।

Related Articles

Leave a Reply