

सक्ती। शहर में लगातार गहराते बिजली संकट ने आम नागरिकों की परेशानी बढ़ा दी है। भीषण गर्मी के बीच बार-बार हो रही बिजली कटौती से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। घरों में पीने के पानी की समस्या, बच्चों की पढ़ाई में बाधा, व्यापार-व्यवसाय में नुकसान और रात के समय बढ़ती परेशानी ने नागरिकों को चिंतित कर दिया है।
बिजली विभाग के अनुसार, सक्ती शहर को वर्तमान में केवल अड़भार सब स्टेशन से ही विद्युत आपूर्ति मिल रही है, जिस पर अत्यधिक लोड होने के कारण बार-बार फॉल्ट की स्थिति बन रही है। वैकल्पिक लाइन की व्यवस्था नहीं होने से जैसे ही सप्लाई बाधित होती है, पूरा शहर और आसपास के गांव अंधेरे में डूब जाते हैं। विभाग द्वारा फॉल्ट सुधार के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन बढ़ते लोड के कारण समस्या बनी हुई है।
गर्मी के मौसम में घरेलू, व्यावसायिक, औद्योगिक और कृषि उपयोग के लिए बिजली की मांग अचानक बढ़ने से सभी सब स्टेशनों पर दबाव बढ़ गया है, जिससे स्थिति और अधिक गंभीर हो गई है। विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी व्यवस्था सुधारने में जुटे हैं, लेकिन संसाधनों की कमी के कारण स्थायी समाधान नहीं निकल पा रहा है।
इधर, शहर के नागरिकों ने क्षेत्रीय लोकसभा सांसद और विधायक से इस गंभीर समस्या को संज्ञान में लेते हुए जल्द से जल्द स्थायी समाधान निकालने की मांग की है। लोगों का कहना है कि सक्ती जैसे तेजी से विकसित हो रहे क्षेत्र के लिए वैकल्पिक बिजली लाइन और नए सब स्टेशन की व्यवस्था अत्यंत आवश्यक है, ताकि भविष्य में इस तरह की समस्या से निजात मिल सके।
नागरिकों ने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया है कि वे इस मुद्दे को प्राथमिकता देते हुए उच्च स्तर पर पहल करें, जिससे शहरवासियों को राहत मिल सके और बिजली व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके।



