छत्तीसगढ़

शादी समारोह में मोबाइल की चोरी करने वाला युवक पकड़ाया, जेल दाखिल

 आरोपी से तीन नग मोबाइल बरामद, एसपी के दिशा निर्देश पर हुई कार्रवाई

सक्ती। अग्रसेन धर्मशाला हटरी में आयोजित एक वैवाहिक समारोह में हुई मोबाइल की चोरी के मामले को पुलिस ने सुलझाते हुए आरोपी से तीन नग मोबाइल बरामद कर उसे गिरफ्तार कर लिया है।

जानकारी के अनुसार अग्रसेन धर्मशाला, हटरी में आयोजित एक वैवाहिक समारोह में मोबाइल चोरी के मामले में पुलिस ने अज्ञात आरोपी के विरूद्ध अपराध दर्ज कर जांच-पड़ताल शुरू की। विवेचना के दौरान पुलिस को ज्ञात हुआ कि बुधवारी निवासी आनद शर्मा पिता राजू शर्मा ने उक्त वारदात को अंजाम दिया था और पकड़े जाने के भय से मोबाइल से सिम निकालकर फेंक दिया था।

आरोपी राजू अधिक दिनों तक पुलिस से बच नहीं पाया और अंतत: पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उससे तीन नग मोबाइल बरामद कर लिया। आरोपी से बरामद तीन में से एक मोबाइल प्रार्थी संदीप अग्रवाल का है। शेष दो मोबाइल आरोपी ने किसी दूसरे स्थान से पार किया था। पुलिस ने मोबाइल बरामद करके चोर के विरुद्ध धारा 451, 380 आईपीसी के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे रिमांड पर जेल दाखिल किया है।बाकी दो मोबाइल के आईएमईआई नंबर से उनके बारे में पतासाजी की जा रही है।

गौरतलब रहे कि विगत दिनों क्षेत्र में चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस अधीक्षक अंकिता शर्मा ने चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने थाना प्रभारियों को निर्देशित किया है, इसके लिए गश्त पेट्रोलिंग बढ़ाने और संपत्ति संबंधी अपराध करने वालो की सूची तैयार कर उनकी चेकिंग करने सख्त हिदायत दी है। एएसपी श्रीमती गायत्री सिंह को इसकी मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी दी गई है। इसी तारतम्य में सक्ती पुलिस ने तत्परता से पतासाजी करते हुए मामले का पर्दाफाश किया। इस कारवाई में थाना सक्ती के प्रधान आरक्षक फलेंद्र मनहर, आरक्षक बृजकिशोर, दीपक बंजारे, जय नेताम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Related Articles