छत्तीसगढ़

SP प्रफ्फुल कुमार ठाकुर की सख्त मॉनिटरिंग में 40 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, 13 वर्षीय बालक के हत्यारे को पुलिस ने दबोचा



सक्ती। सक्ती पुलिस ने महज 40 घंटे के भीतर 13 वर्षीय लापता बालक की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर (IPS) के निर्देशन में चली सुनियोजित जांच, लगातार मॉनिटरिंग और पुलिस टीम की रणनीति से इस सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा हुआ। आरोपी ने पुरानी रंजिश का बदला लेने के लिए मासूम की हत्या कर शव खेत में दफना दिया था।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार थाना सक्ती क्षेत्र के ग्राम परसदा खुर्द निवासी सौखी कुमार केंवट ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसका 13 वर्षीय पुत्र कपिल कुमार केंवट 8 जुलाई 2026 की रात गांव के ही हेमंत कुमार केंवट के साथ गया था, जिसके बाद वह घर नहीं लौटा। परिजनों द्वारा काफी खोजबीन के बाद भी बालक का पता नहीं चलने पर थाना सक्ती में अपराध क्रमांक 305/2026 धारा 137(2), 103(1) एवं 238 बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर ने स्वयं जांच की लगातार निगरानी करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक पंकज पटेल एवं एसडीओपी सक्ती डॉ. भुनेश्वरी पैकरा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने संदेही हेमंत कुमार केंवट को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ की। प्रारंभ में आरोपी लगातार बयान बदलकर पुलिस को गुमराह करता रहा, लेकिन वैज्ञानिक एवं मनोवैज्ञानिक तरीके से घंटों चली पूछताछ के दौरान उसने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि करीब छह-सात माह पहले ग्राम हरदा के कुछ युवकों से उसका विवाद हुआ था। उसे शक था कि इस घटना की जानकारी कपिल कुमार केंवट ने उन लोगों को दी थी। इसी रंजिश के चलते वह बालक से बदला लेने की योजना बना रहा था।

घटना वाले दिन आरोपी हेमंत कुमार केंवट रात करीब 8.30 बजे कपिल को चोरी का लोहा बेचकर पैसे कमाने का लालच देकर अपने साथ बोर घर ले गया। वहां उसने गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद शव को छिपाने के उद्देश्य से खेत में गड्ढा खोदकर दफना दिया तथा पहचान छिपाने के लिए मृतक के कपड़ों को दूसरे खेत में फेंक दिया।

आरोपी के मेमोरेंडम कथन के आधार पर कार्यपालिक दंडाधिकारी, चिकित्सकीय दल एवं फॉरेंसिक टीम की मौजूदगी में खेत की खुदाई कर बालक का शव बरामद किया गया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रापा तथा घटना के समय पहने गए कपड़े भी जब्त कर लिए हैं।

विवेचना में पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर पुलिस ने आरोपी हेमंत कुमार केंवट (22 वर्ष) निवासी परसदा खुर्द, थाना एवं जिला सक्ती को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया।

पुलिस अधीक्षक प्रफ्फुल कुमार ठाकुर के प्रभावी नेतृत्व और सक्ती पुलिस की त्वरित कार्रवाई से महज 40 घंटे के भीतर इस गंभीर एवं संवेदनशील हत्याकांड का खुलासा कर आरोपी को सलाखों के पीछे पहुंचाने में सफलता मिली,

Related Articles