छत्तीसगढ़

“जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने यातायात मित्रों की होगी अहम भूमिका”

  •  आईजी के मार्गदर्शन व एसपी के दिशा निर्देशन में सक्ती पुलिस द्वारा चलाया जा रहा ‘यातायात मित्र सक्ती पुलिस’ अभियान

  • जिले के विभिन्न थाना-चौकी पुलिस व यातायात विभाग द्वारा बनाए जा रहे यातायात मित्र, जगह-जगह पोस्टर किए जा रहे चस्पा

सक्ती। पुलिस महानिरीक्षक बिलासपुर रेंज, संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन एवं पुलिस अधीक्षक सक्ती श्रीमती अंकिता शर्मा दिशा निर्देश में सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने एवं यातायात नियमों का पालन कराने व यातायात व्यवस्था सुचारू करने ‘यातायात मित्र सक्ती पुलिस’ अभियान प्रारंभ किया गया है। अभियान के तहत समस्त थाना चौकी क्षेत्रों में यातायात मित्र का गठन कर पोस्टर चस्पा किया गया है, जिसके द्वारा यातायात विभाग से संपर्क कर आवश्यक जानकारी मुहैया कराई जा सकती है। सक्ती पुलिस के इस अभिनव पहल से जहां यातायात नियमों का पालन करने लोगों में जागरूकता आएगी वहीं बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर भी अंकुश लग सकेगा।

पुलिस अधीक्षक श्रीमती अंकिता शर्मा के द्वारा नेशनल हाईवे स्टेट हाईवे ग्राम सड़क में ब्लैक स्पॉट (दुर्घटना जन्य क्षेत्र) चिन्हांकित कर सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने हेतु समस्त थाना चौकी एवं यातायात शाखा को निर्देश देकर यातायात नियमों का पालन करने के लिए एक अभियान चलाया जा रहा है, जिसके तहत यातायात मित्र का गठन जिले में किया जा रहा है, जिसके तहत सड़क किनारे संचालित फस्र्ट रिस्पांडर एवं इनफॉर्मर, जिसमें मोटर मैकेनिक, फल बेचने वाले, सब्जी बेचने वाले, दुकान वाले एवं अन्य को लेकर यातायात मित्र का गठन किया जा रहा है, जिससे सड़क दुर्घटनाओ के संबंध में तत्काल थाना चौकी को सूचना मिल सकेगी एवं घायलों को उचित इलाज हेतु अस्पताल तत्काल भेजा जा सकेगा एवं यातायात सुचारू रूप से जिला में संचालित किया जा सकेगा।

‘यातायात मित्र सक्ती पुलिस’ अभियान के तहत समस्त थाना, चौकी एवं यातायात शाखा द्वारा अपने-अपने क्षेत्र में यातायात मित्र का गठन कर दुकानों में यातायात मित्र का पोस्टर लगाया गया, जिसमें कंट्रोल रूम सक्ती का फोन नंबर, थाना प्रभारी/ यातायात शाखा प्रभारी का मोबाइल नंबर एवं अन्य पुलिस स्टाफ का मोबाइल नंबर उल्लेखित है, ताकि किसी भी प्रकार की घटना या दुर्घटना होने पर लगाए गए पोस्टर में दिए गए नंबर के द्वारा कंट्रोल रूम यातायात थाना प्रभारी/ प्रभारी यातायात शाखा व अन्य पुलिस स्टाफ से संपर्क स्थापित कर जानकारी पुलिस तक पहुंचाया जा सके।

Related Articles