जेठा में लगाया जा रहा टोल प्लाजा : चेम्बर द्वारा नवनिर्वाचित सांसद कमलेश जांगडे को ज्ञापन सौंपकर जिलेवासियों के लिए टोल फ्री करने की मांग

सक्ती। जिला चेम्बर ऑफ़ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज ने 15 जून को जांजगीर चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े से मुलाकात की और ज्ञापन सौंपकर जेठा में लगाए जा रहे टोल प्लाजा में लगने वाले टोल टैक्स से जिलेवासियों को राहत देने की मांग की है।
चेम्बर ने सांसद को अवगत कराया कि सक्ती से बाराद्वार के बीच जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय जेठा के ठीक सामने टोल प्लाजा चालू करने की तैयारी चल रही है। इस टोल प्लाजा के चालू होने से जहां स्थानीय नागरिकों को अनावश्यक टोल पटाने की बाध्यता होगी तो वही छोटे-मोटे कामों से कलेक्ट्रेट जाने वाले लोगों को भी आर्थिक नुकसान होगा। ऐसी स्थिति में जिले वासियों को इस टोल प्लाजा से टोल मुक्त करने की दिशा में पहल करना आवश्यक है।
चैंबर प्रतिनिधि मंडल को सांसद कमलेश जांगड़े ने आश्वस्त किया कि वे इस संबंध में शीघ्र ही जिला प्रशासन एवं राज्य शासन से चर्चा कर इसका ठोस हल निकालेंगी। सांसद ने कहा कि जिले वासियों को आवागमन में किसी भी प्रकार की दिक्कत ना हो एवं आर्थिक रूप से कहीं भी परेशानी ना हो इसके लिए वह दृढ़ संकल्पित होकर काम करेंगी। चैंबर सदस्यों ने सांसद निर्वाचित होने पर एवं उनकी ऐतिहासिक जीत पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं भी दी। इस दौरान छत्तीसगढ़ चेंबर ऑफ कॉमर्स सक्ती के प्रतिनिधि मंडल में चेंबर के मनोनीत प्रांतीय उपाध्यक्ष शंकर लाल अग्रवाल, अध्यक्ष विजय अग्रवाल बिज्जू डालमिया, चेंबर के प्रांतीय पदाधिकारी मनीष कथूरिया एवं अनिल दरयानी प्रमुख रूप से मौजूद थे।




