छत्तीसगढ़

कांग्रेस में मची भगदड़, भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में सैकड़ों कांग्रेसी बीजेपी में हुए शामिल

  • सक्ती जनपद पंचायत अध्यक्ष राजेश राठौर ने कह दिया कांग्रेस को “अलविदा”

  • ‘जोगी जनता कांग्रेस’ के जिलाध्यक्ष नरेश अग्रवाल प्रिंस और राजा धमेन्द्र बहादुर अपने समर्थकों के साथ भाजपा में हुए शामिल

  • नरेश अग्रवाल की कार्यशैली से प्रभावित प्रदेश भाजपाध्यक्ष किरण देव ने की जमकर तारीफ

  • वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भाजपा का गमछा पहनाकर किया “वेलकम”

सक्ती। लोकसभा चुनाव का शंखनाद होते ही पूरे प्रदेश में राजनीतिक उठा पटक शुरू हो गई है। चुनाव के पहले नेताओं का एक दल से दूसरे दल में प्रवेश करना बेहद ही आम बात हो गई है। ऐसे में छत्तीसगढ़ में कांग्रेस पार्टी को दिन-ब-दिन बड़ा झटका लग रहा है। प्रदेश में कांग्रेस पार्टी की सत्ता जाने और लोकसभा चुनाव की आहट के साथ लगातार पार्टी का साथ छोडऩे की खबरें आ रही हैं। कयास लगाये जा रहे हैं कि वह नेता जिनकी लोकसभा चुनाव में टिकट मिलने की उम्मीदें पूरी तरह धूमिल हो गईं, उन्हें अब अपने राजनीतिक भविष्य की चिंता सताने लगी है। यही वजह है कि नेता सत्ता दल की पार्टी के साथ जाने लगे हैं। सक्ती शहर के नेहरू कॉलेज मैदान में कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जहां आयोजित विधानसभा स्तरीय भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में बीजेपी ज्वाइनिंग के लिए लंबी कतार लगी रही और कई दिग्गज नेता कांग्रेस के गलियारे से निकलकर भाजपा का थामन थामते नजर आए।

विधानसभा स्तरीय भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण देव, जांजगीर चाम्पा लोकसभा क्षेत्र चुनाव प्रभारी गौरीशंकर अग्रवाल, लोकसभा क्षेत्र के संयोजक एवं भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णकांत चंद्रा, छत्तीसगढ़ विधानसभा के पूर्व नेता प्रतिपक्ष नारायण चंदेल, जांजगीर चांपा लोकसभा क्षेत्र के सहसंयोजक डॉक्टर खिलावन साहू, भाजपा जांजगीर चांपा लोकसभा क्षेत्र की प्रत्याशी श्रीमती कमलेश जांगड़े, जिले के भाजपा संगठन प्रभारी गुरपाल सिंह भल्ला सहित काफी संख्या में जिले के पदाधिकारी एवं विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न स्थानों से आए मंडलों के पदाधिकारी मौजूद रहे।

कार्यक्रम के दौरान जहां हजारों की संख्या में मौजूद भाजपाइयों में काफी उत्साह देखा गया। सम्मेलन में शामिल होने आए सभी कार्यकर्ताओं के लिए भोजन की भी व्यवस्था की गई। कार्यक्रम के दौरान मंच पर कांग्रेस छोड़कर भाजपा में प्रवेश करने वालों का तांता लगा रहा। नेहरु कॉलेज मैदान में आयोजित विधानसभा स्तरीय भाजपा के कार्यकर्ता सम्मेलन में जनपद पंचायत सक्ती के कांग्रेस समर्थित अध्यक्ष राजेश राठौर ने कांग्रेस को अलविदा करते हुए भाजपा में प्रवेश किया, तो वहीं सक्ती रियासत के राजा धर्मेंद्र बहादुर सिंह ने भी अपने समर्थकों के साथ भाजपा का दामन थाम लिया, जोगी जनता कांग्रेस के जिलाध्यक्ष नरेश अग्रवाल प्रिंस भी इस कार्यकर्ता सम्मेलन में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए।

नरेश अग्रवाल प्रिंस को स्वयं छत्तीसगढ़ के वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने भाजपा का गमछा पहनाया। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष किरण देव ने नरेश प्रिंस की कार्यशैली से प्रभावित होकर उनकी जमकर प्रशंसा भी की। उन्होंने नरेश प्रिंस की प्रशंसा करते हुए कहा कि आपका मैंने काफी नाम सुना है तथा आपके भाजपा में आने से निश्चित रूप से पार्टी को इसका लाभ मिलेगा।

मंच पर मौजूद भाजपा नेताओं ने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि लोकसभा का चुनाव पूरे भारत देश में 400 सीटों को पार कर एक ऐतिहासिक जीत दर्ज करने वाला चुनाव होगा। उन्होंने एक-एक कार्यकर्ता को बूथ स्तर पर मेहनत करने प्रोत्साहित किया, साथ ही कहा कि जांजगीर चांपा लोकसभा क्षेत्र से प्रत्याशी श्रीमती कमलेश जांगड़े को विजयी बनाएं। मंच पर कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आने वाले नेताओं एवं कार्यकर्ताओं का जोरदार स्वागत करते हुए उन्हें गमछा पहनाकर पार्टी में प्रवेश दिलाया गया।

Related Articles