पिकअप चालक को आई झपकी, अनियंत्रित होकर कुएं में गिरा वाहन, बाल-बाल बचे वाहन में बैठे लोग

कोरबा से आम भरकर सक्ती के लिए रवाना हुई थी पिकअप, नगरदा थाना क्षेत्र के ग्राम सलिहाभाठा में हुआ हादसा
सक्ती। कोरबा जिले से पिकअप वाहन में आम भरकर सक्ती की ओर आ रही एक पिकअप के चालक को झपकी आने पर प्रात: लगभग 5 बजे वह अनियंत्रित होकर मुख्य मार्ग के निकट एक कुएं में गिर गई। वाहन में सवार तीन लोगों को इस हादसे में मामूली चोटें आईं, जिन्हें ग्रामीणों की मदद से पिकअप समेत बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार कोरबा से एक पिकअप वाहन आम फल लेकर सक्ती की ओर आ रही थी। इसी दौरान प्रात: लगभग 5 बजे नगरदा थाना क्षेत्रान्तर्गत ग्राम सलिहाभाठा के पास वाहन चालक को झपकी आ गई और वाहन अनियंत्रित होने पर एक कुएं में गिर गई। घटना का सुखद पहलू यह रहा कि वाहन में सवार तीन लोगों में से किसी को भी गंभीर चोट नहीं आई, वहीं ग्रामीणों व हाइड्रा की मदद से पिकअप और उसमें सवार लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। मामूली चोट आने की वजह से प्राथमिक इलाज उपरांत वे अपने-अपने घर के लिए रवाना हो गए।
थाना प्रभारी नगरदा राजेश चंद्रवंशी ने इस संंबंध में जानकारी देते हुए बताया कि घटना अलसुबह लगभग 5 बजे की है। चालक के मुताबिक वे सक्ती की ओर आ रहे थे तभी झपकी आने की वजह से वाहन अनियंत्रित हो गया और कुएं में गिर गया। यहां राहत भरी बात यह रही कि कुआं सूखा था, उसमें पानी नहीं के बराबर था जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। थाना और ग्रामवासियों की मदद से सवार तीन लोगों की बाहर निकाला गया और किसी भी प्रकार की ज्यादा चोट नहीं होने के कारण वे रवाना हो गए। बाद में शाम 4 बजे तक वाहन को भी पुलिस की मदद से निकलवाया गया। बहरहाल पुलिस ने वाहन चालकों से सचेत होकर वाहन चलाने की अपील की है। टी आई राजेश चंद्रवंशी ने कहा इस घटना में कोई जनक्षति नहीं हुई और एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।



