छत्तीसगढ़

SP प्रफुल्ल ठाकुर के निर्देश का दिखने लगा असर, नगर के सभी प्रमुख स्कूलों में पहुंची यातायात पुलिस



सक्ती। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर द्वारा 18 जून को आयोजित प्रेस वार्ता में नाबालिग बच्चों के वाहन चलाने एवं स्कूल वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन किए जाने पर सख्त निर्देश दिए गए थे। उन्होंने स्पष्ट कहा था कि बच्चों की जिंदगी के साथ खिलवाड़ किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा तथा समझाइश के बाद भी नियमों का उल्लंघन करने वाले स्कूल प्रबंधन और पालकों पर कार्रवाई की जाएगी।

SP के निर्देशों के परिपालन में आज यातायात प्रभारी वाय. एन. शर्मा अपनी टीम के साथ नगर के प्रमुख स्कूलों में पहुंचे। इस दौरान स्कूल संचालकों, प्राचार्यों, वाहन चालकों एवं विद्यार्थियों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश दी गई। साथ ही स्कूल बसों एवं अन्य वाहनों के फिटनेस, परमिट, बीमा एवं अन्य आवश्यक दस्तावेजों को पूर्ण एवं अद्यतन रखने के निर्देश दिए गए।

यातायात पुलिस ने स्कूल प्रबंधन को स्पष्ट किया कि किसी भी वाहन में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों का परिवहन न किया जाए तथा नाबालिग विद्यार्थियों को वाहन चलाने की अनुमति न दी जाए। अधिकारियों ने कहा कि इन नियमों का पालन बच्चों की सुरक्षा के लिए अत्यंत आवश्यक है और इससे सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सकेगा।

यातायात प्रभारी वाय. एन. शर्मा ने बताया कि जागरूकता एवं समझाइश अभियान आगे भी जारी रहेगा तथा नियमों की अनदेखी करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान यातायात विभाग के सुरेंद्र सिंह, दिलेश्वर साहू सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles