घर के ड्राइवर की मिलीभगत से हुई स्कूटी की चोरी, दोस्त के साथ मिलकर ड्राइवर ने वारदात को दिया अंजाम, सीसीटीवी कैमरे से हुआ खुलासा

सक्ती। शहर के व्यस्ततम हटरी-हॉस्पिटल रोड में संचालित बनवारी लाल प्रेमचंद सराफ ज्वैलर्स में काम करने वाले निजी ड्राइवर और उसके दोस्त ने फिल्मी अंदाज में दुकान के सामने खड़ी स्कूटी को पार कर दिया। सीसी टीवी की मदद से चोरी का सुराग मिलने पर ज्वलेर्स संचालक ने ड्राइवर और उसके दोस्त के विरूद्ध सक्ती थाने में रिपोर्ट दर्ज करा दी है।
बनवारी लाल प्रेमचंद सराफ ज्वैलर्स के संचालक सुमित सराफ ने पुलिस को बताया कि बीती रात्रि लगभग 11 बजे अपनी दुकान के सामने अपनी स्कूटी को खड़ी कर वे सोने चले गए। सुबह उठने पर स्कूटी गायब मिली लेकिन काफी खोजबीन के बाद भी कोई सुराग नहीं मिल सका।
ज्वेलर्स संचालक ने जब वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की रिकार्डिंग देखी तो पता चला कि उनका ही ड्राइवर अपने एक दोस्त के साथ अलसुबह लगभग पौने पांच बजे वहां आया और स्कूटी लेकर उसका दोस्त फरार हो गया। प्रार्थी ने पुलिस को बताया कि उसका ड्राइवर पहले भी वाहन चोरियों के मामलों में संलिप्त रह चुका है। सक्ती पुलिस ने प्रार्थी सुमित सराफ की रिपोर्ट पर आरोपियों के विरूद्ध अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।




