छत्तीसगढ़

जेठा कलेक्टोरेट के सामने प्रस्तावित टोल प्लाजा में फ्री पासिंग तथा सक्ती रेलवे स्टेशन में विभिन्न एक्सप्रेस का स्टॉपेज एवं अन्य यात्री सुविधाओं के विस्तार की मांग को लेकर चेम्बर ने सौंपा ज्ञापन

सक्ती। जिला चेम्बर ऑफ कॉमर्स ने कलेक्टर श्रीमती नुपूर पन्ना राशि को एक ज्ञापन सौपकर जेठा कलेक्टोरेट के सामने प्रस्तावित टोल प्लाजा में नगरवासियों के लिए टोल फ्री किए जाने की मांग की है, वहीं सक्ती रेलवे स्टेशन में निजामुद्दीन-रायगढ़-निजामुद्दीन गोंडवाना व हावड़ा अहमदाबाद हावड़ा एक्सप्रेस का ठहराव तथा यात्री सुविधाओं के विस्तार को लेकर दपूमरे के जोन महाप्रबंधक को भी ज्ञापन सौंपा गया है।

चेम्बर के प्रदेश उपाध्यक्ष शंकर लाल अग्रवाल, प्रदेश मंत्री मनीष कथुरिया, जिला इकाई अध्यक्ष अमृत (विजय) डालमिया ने आज कलेक्टोरेट पहुंचकर ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम बताया गया है कि सक्ती से चांपा राष्ट्रीय राजमार्ग के बीच जेठा कलेक्ट्रेट कार्यालय के सामने आने वाले दिनों में टोल प्लाजा प्रस्तावित है। चूंकि टोल प्लाजा जेठा कलेक्ट्रेट के मुख्य प्रवेश द्वार के पहले है एवं कलेक्ट्रेट कार्यालय में प्रतिदिन सैकड़ों की संख्या में जिले के विभिन्न वर्ग के लोगों का आना जाना लगा रहता है, जो कि दो पहिया वाहनों के साथ-साथ चार पहिया वाहनों पर भी जाते हैं। यदि टोल प्लाजा में प्रत्येक नागरिकों को टोल शुल्क देने की अनिवार्यता हो गई तो कलेक्टोरेट पहुंचने वाले शहरी व ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेवजह आर्थिक नुकसान उठाना होगा।

उन्होंने मांग की है कि प्रस्तावित टोल प्लाजा में सक्ती जिले के नागरिकों के वाहनों के लिए फ्री पासिंग की सुविधा उपलब्ध कराई जाए, जिसका लाभ जिले के प्रत्येक नागरिक को मिलना चाहिए।

जिलेवासियों के लिए यात्री सुविधाओं के विस्तार व गोंड़वाना एक्सप्रेस का सक्ती रेलवे स्टेशन में ठहराव को लेकर चेम्बर ने दपूमरे के जोन महाप्रबंधक को सौंपे गए ज्ञापन में बताया है कि निजामुद्दीन-रायगढ़-निजामुद्दीन गोंडवाना एक्सप्रेस का स्टापेज सक्ती रेलवे स्टेशन में नहीं होने जिले के यात्रियों को इस एक्सप्रेस का लाभ नहीं मिल पा रहा है।

यात्री सुविधाओं की जानकारी देते हुए बताया गया है कि सक्ती रेलवे स्टेशन में रेल यात्री प्रतीक्षालय का अभाव है। नए रेल यात्री प्रतीक्षालय एसी एवं साधारण दोनों का निर्माण किया जावे। रेलवे स्टेशन में गर्मी समय में ठंडा पानी का वाटर कूलर नहीं है, सभी प्लेटफार्म में ठंडा पानी का वाटर कूलर लगाया जाए। रेलवे स्टेशन में सुलभ शौचालय की समुचित व्यवस्था नहीं है एवं जो सुलभ शौचालय है वह जर्जर हो चुका है। नए सुलभ शौचालय का निर्माण करवाया जाए। सक्ती रेलवे स्टेशन के बुकिंग काउंटर के ऊपर बने फुट ओवर ब्रिज में प्रकाश की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे रात्रि समय रेल यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है आवश्यक प्रकाश व्यवस्था की जाए। हावड़ा अहमदाबाद हावड़ा एक्सप्रेस ट्रेन का ठहराव किए जाने, बिमार, दिव्यांग, बुजुर्ग एवं गर्भवती महिलाओं के लिए हरेक प्लेटफार्म में जाने हेतु एस्केलेटर या लिफ्ट की व्यवस्था, गर्मी एवं वर्षाकाल में सभी प्लेटफार्म में शेड की व्यवस्था किए जाने की चेम्बर ने मांग की है।

उक्त ज्ञापन की प्रति चेम्बर के द्वारा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय, जिला प्रभारी मंत्री श्रीमती लक्ष्मी राजवाड़े, सांसद जांजगीर-चांपा गुहाराम अजगले, पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल, भाजपा जिलाध्यक्ष कृष्णकांत चंद्रा एवं प्रदेश उपाध्यक्ष चेम्बर को भी प्रेषित की गई है। उक्त जानकारी छ.ग. चेंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज की सक्ती इकाई के अध्यक्ष विजय डालमिया ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर दी।

Related Articles