यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध हुई कड़ी कार्रवाई, बेतरतीब ढंग से वाहन पार्किंग करने वालों को दी गई चेतावनी

सक्ती। जिला पुलिस अधीक्षिका श्रीमती अंकिता शर्मा के दिशा निर्देश में आज यातायात प्रभारी कमल महतो ने होली पर्व पर शक्ति शहर के विभिन्न प्रमुख मागों में बेतरतीब ढंग से पार्किंग करने वालों पर कार्रवाई की । श्री महतो ने शहर के मुख्य मार्गों के किनारे स्थित दुकानों के सामने बेतरतीब ढंग से दो पहिया एवं चार पहिया वाहनों की पार्किंग करने वाले लोगों को सख्त हिदायत भी दी।
उन्होंने दुकान संचालकों को निर्देशित किया कि आप अपनी दुकानों के सामने पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करें तथा वाहनों को व्यवस्थित ढंग से पार्क कराएं, दोबारा ऐसी स्थिति निर्मित होने वाले आपके विरूद्ध भी सख्त कार्रवाई की जा सकती है। पुलिस यातायात प्रभारी कमल महतो ने जिला पुलिस प्रशासन के निर्देशों के बावजूद तीन सवारी वाहन चलाने वाले लोगों को भी रोककर कार्रवाई की, साथ ही होली पर्व पर पुलिस प्रशासन के दिशा निर्देशों का पालन करने के निर्देश दिए, साथ ही सक्ती शहर के बुधवारी बाजार, हटरी चौक, नवधा चौक, अग्रसेन चौक, स्टेशन रोड में भी यातायात प्रभारी ने सघन रूप से चेकिंग अभियान चलाया, साथ ही शहर के सार्वजनिक बैंकों के सामने वाहनों की बेतरतीब पार्किंग व्यवस्था पर भी निरीक्षण करते हुए आवश्यक निर्देश दिए।





