भ्रष्टाचार में लिप्त दोषी ‘लाडले’ सरपंच-सचिव के अजब-गजब कारनामे… वाह! वाह! अब मिल गई क्लीन चिट

सक्ती। लाखों के भ्रष्टाचार के मामले में दोषी ‘लाडले’ सरपंच-सचिव को जहां क्लीन चिट मिल गई है, वहीं इन पर दोषारोपण करने वाले अधिकारियों के विरूद्ध कार्रवाई किए जाने की खबर सुर्खियों में है। मामला सक्ती के ग्राम पंचायत पोरथा का है, जहां सरपंच मधु राठौर और सचिव के खिलाफ भ्रष्टाचार की शिकायत के मामले की जांच के लिए 6 अधिकारियों की टीम गठित होने के बाद जांच में लाखों की गड़बड़ी पाई थी। बीते दो साल तक मामले को रफा-दफा करने का पुरजोर प्रयास किया गया और अंतत: मामले में उन्हें क्लीन चिट मिल ही गई, उल्टे दोषी बताने वाले अधिकारियों के विरूद्ध कार्रवाई की गाज गिराए जाने की खबर मिल रही है, वहीं शिकायतकर्ता ग्रामीण कार्रवाई के लिए कार्यालयों में दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
बताया जाता है कि जनपद पंचायत के अधिकारी ने सरपंच-सचिव को भ्रष्टाचार के आरोपों से बरी कर क्लीन चिट दे दिया, वहीं इससे पूर्व जांच करने वाले 6 अधिकारियों को भी गलत साबित कर दिया। जनपद पंचायत सक्ती में अधिकारियों के इस अजब-गजब कारनामे ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़ा कर दिया है। अब ग्रामीण सवाल कर रहे हैं कि आखिर क्या कारण था कि दो साल पहले जिस सरपंच-सचिव को भ्रष्टाचार में दोषी बताया गया था, उन पर कार्रवाई नहीं की गई और आज उन्हें क्लीन चिट देकर अपने ही अधिकारियों को गलत साबित कर दिया गया।




