छत्तीसगढ़

नाबालिगों के हाथों में स्टीयरिंग बर्दाश्त नहीं, स्कूल वाहनों में ओवरलोडिंग पर भी होगी कड़ी कार्रवाई : एसपी प्रफुल्ल ठाकुर



सक्ती। जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर पुलिस प्रशासन अब पूरी तरह सख्त नजर आ रहा है। पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने स्पष्ट निर्देश जारी करते हुए कहा है कि नाबालिग बच्चों द्वारा दोपहिया एवं चारपहिया वाहन चलाने तथा स्कूल वाहनों में क्षमता से अधिक बच्चों को ठूंस-ठूंसकर परिवहन करने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं, जिन्हें किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

एसपी ठाकुर ने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों को निर्देशित किया है कि स्कूल समय के दौरान विशेष अभियान चलाकर ऐसे मामलों पर नजर रखें। यदि कोई नाबालिग छात्र वाहन चलाते हुए पाया जाता है तो मोटर व्हीकल एक्ट के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। साथ ही वाहन मालिक एवं अभिभावकों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी।

उन्होंने कहा कि कई स्कूल वाहनों में निर्धारित क्षमता से अधिक बच्चों को बैठाकर परिवहन किया जा रहा है, जिससे बच्चों की सुरक्षा खतरे में पड़ सकती है। ऐसे वाहनों की जांच कर ओवरलोडिंग, फिटनेस, परमिट और सुरक्षा मानकों का पालन नहीं करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधीक्षक ने स्कूल प्रबंधन, वाहन संचालकों एवं अभिभावकों से अपील की है कि बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दें तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों की अनदेखी करने वालों पर किसी प्रकार की रियायत नहीं बरती जाएगी और आगामी दिनों में जिलेभर में सघन जांच अभियान चलाया जाएगा।

“बच्चों की सुरक्षा से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। नाबालिगों द्वारा वाहन संचालन और स्कूल वाहनों में ओवरलोडिंग पाए जाने पर सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।” — एसपी प्रफुल्ल ठाकुर।

Related Articles