एसपी प्रफुल्ल कुमार ठाकुर एवं नपाध्यक्ष श्याम सुंदर अग्रवाल ने किया वृक्षारोपण, अग्रवाल सम्मेलन ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश



सक्ती। अखिल भारतीय अग्रवाल सम्मेलन, जिला इकाई सक्ती द्वारा संस्कार स्कूल परिसर में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित भविष्य के संकल्प के साथ वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर तथा अध्यक्षता नगर पालिका अध्यक्ष श्री श्याम सुंदर अग्रवाल ने की। दोनों अतिथियों ने पौधारोपण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए अधिक से अधिक वृक्ष लगाने एवं उनके संरक्षण का आह्वान किया।
मुख्य अतिथि पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर ने अपने संबोधन में कहा कि आज के समय में पर्यावरण संरक्षण केवल एक अभियान नहीं बल्कि सामाजिक जिम्मेदारी बन गया है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति यदि अपने जीवन में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करे, तो आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित किया जा सकता है। उन्होंने सामाजिक संगठनों द्वारा चलाए जा रहे ऐसे जनहितकारी अभियानों की सराहना करते हुए कहा कि समाज की सहभागिता से ही पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य सफल होगा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे नगर पालिका अध्यक्ष श्री श्याम सुंदर अग्रवाल ने कहा कि वृक्ष हमारे जीवन का आधार हैं। बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन के बीच वृक्षारोपण समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें वृक्ष बनने तक संरक्षित रखना भी हम सभी की जिम्मेदारी है। नगर पालिका सक्ती भी हरित नगर के निर्माण के लिए लगातार प्रयासरत है और जनभागीदारी से यह अभियान और प्रभावी बनेगा।
इस अवसर पर सांसद प्रतिनिधि संजय रामचंद्र, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य राजकुमार अग्रवाल (राजू), महेंद्र जिंदल, जिला अध्यक्ष मुकेश बंसल, जिला महामंत्री प्रकाश अग्रवाल, ट्रस्टी सदस्य विजय डालमिया, गजेंद्र डालमिया, राकेश अग्रवाल, बजरंग अग्रवाल, राहुल अग्रवाल, कालू अग्रवाल, संजय अग्रवाल (ठेकेदार), प्रकाश अग्रवाल, राजीव अग्रवाल, शुभम अग्रवाल सहित संस्कार स्कूल के प्राचार्य, शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में अग्रवाल समाज के सदस्य उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थितजनों ने पौधों के संरक्षण का संकल्प लिया। अग्रवाल सम्मेलन के पदाधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण के लिए इस प्रकार के जनजागरण एवं वृक्षारोपण कार्यक्रम भविष्य में भी निरंतर आयोजित किए जाएंगे।



